Spread the love

 

झारखंड के सफाई एवं स्वच्छता कर्मियों की समस्याओं को लेकर यूथ इंटक ने राज्य सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया है। यूथ इंटक झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सत्यम सिंह ने जिला उप श्रमायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र भेजकर राज्यभर के सफाई कर्मियों की विभिन्न मांगों पर जल्द कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि सफाई एवं स्वच्छता कर्मी प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों में काम करते हुए शहरों और गांवों को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन आज भी वे कई बुनियादी सुविधाओं और श्रमिक अधिकारों से वंचित हैं।
यूथ इंटक ने सफाई कर्मियों के लिए साप्ताहिक अवकाश, कंपनी या ठेकेदार के माध्यम से वैध पहचान पत्र, तथा राष्ट्रीय अवकाश, आकस्मिक अवकाश और बीमार अवकाश की सुविधा सुनिश्चित करने की मांग की है।
इसके साथ ही सभी कर्मियों को जीवन बीमा, पीएफ, ईएसआई, ग्रेच्युटी और पेंशन जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ देने की मांग भी उठाई गई है। संगठन ने यह भी कहा है कि सफाई कर्मियों को नियमित रूप से मास्क, दस्ताने और अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे सुरक्षित वातावरण में अपना कार्य कर सकें।
यूथ इंटक ने मुख्यमंत्री से सफाई एवं स्वच्छता कर्मियों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए उनकी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की है।
error: Content is protected !!
Exit mobile version