
गुरुग्राम : गोल्फ कोर्स रोड पर रविवार सुबह हुई कथित रोड रेज की घटना ने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बाइक चला रही शिवानी चौहान को एक कार ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गईं। घटना के बाद शिवानी के परिजनों ने कार सवार लोगों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। परिवार का आरोप है कि यह सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि विवाद के बाद जानबूझकर टक्कर मारने का मामला है। हालांकि, आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
राइडिंग गियर के बावजूद आईं चोटें
शिवानी के भाई दीपांकर के अनुसार, घटना रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे हुई। हादसे के समय शिवानी ने हेलमेट और अन्य राइडिंग गियर पहन रखे थे। इसके बावजूद टक्कर के कारण उन्हें कई चोटें आईं। परिवार ने बताया कि चिकित्सकीय जांच के बाद उन्हें घर पर आराम की सलाह दी गई है। शिवानी के पिता रोशन चौहान का कहना है कि उनकी बेटी इस घटना से डरी नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की मदद से संबंधित कार तथा उसमें सवार लोगों की पहचान की जाए।
आठ-नौ किलोमीटर बाद बढ़ा विवाद
परिवार के मुताबिक, शिवानी अपने दोस्तों के साथ बाइक से गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर निकली थीं। समूह में करीब 20 से 25 बाइक सवार शामिल थे। कुछ दूरी तक सफर सामान्य रहा, लेकिन करीब आठ से नौ किलोमीटर आगे एक कार चालक और बाइक सवारों के बीच स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि कार चालक ने पहले बाइक सवारों को इशारा किया। इसके बाद जब शिवानी ने दूरी बनाए रखने के लिए अपनी बाइक की गति धीमी की, तब कार ने अचानक लेन बदलकर उनकी बाइक को टक्कर मार दी और वहां से चली गई। घटना के बाद शिवानी को उपचार के लिए ले जाया गया।
मानसिक शांति के लिए करती हैं बाइक राइडिंग
परिजनों के अनुसार, शिवानी सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रही हैं तथा अपने पिता के कारोबार में भी सहयोग करती हैं। वह काम का तनाव कम करने और मानसिक शांति के लिए महीने में एक-दो रविवार दोस्तों के साथ बाइक राइडिंग पर जाती हैं। उन्होंने करीब छह-सात महीने पहले ही नियमित बाइक राइडिंग शुरू की थी।
राजनीति में भी आजमा चुकी हैं किस्मत
वर्ष 2022 के दिल्ली नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी ने शिवानी चौहान को कालकाजी वार्ड संख्या 175 से प्रत्याशी बनाया था। चुनाव में उनका मुकाबला भाजपा प्रत्याशी योगिता सिंह से हुआ था। अब परिवार ने कथित रोड रेज मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।











