
जमशेदपुर : टाटा ग्रुप की TBEM (टाटा बिजनेस एक्सीलेंस मॉडल) असेसमेंट टीम ने गुरुवार को टाटा वर्कर्स यूनियन कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान टीम ने यूनियन की कार्यप्रणाली, कर्मचारियों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं, संयुक्त परामर्श व्यवस्था और टाटा स्टील के साथ यूनियन के संबंधों की जानकारी ली। यूनियन पदाधिकारियों ने टीम के सदस्यों का स्वागत करते हुए विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।
कर्मचारियों की कल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
टाटा वर्कर्स यूनियन के महासचिव सतीश कुमार सिंह ने टीम के सदस्यों को यूनियन की गतिविधियों से अवगत कराया। उन्होंने टाटा स्टील कर्मचारियों के लिए सोशल सिक्योरिटी स्कीम, एनपीएस, कोविड प्रोटेक्शन स्कीम, बेसिक डेवलपमेंट प्रोग्राम, कर्मचारियों के बच्चों की उच्च शिक्षा तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
सह-अध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह ने कर्मचारियों के बच्चों के लिए 25 वर्ष की उम्र में रजिस्ट्रेशन, नौकरी में उम्र की छूट तथा डाइवर्सिटी से जुड़े प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन पहलों से महिला कर्मचारियों को भी कई स्तरों पर सुविधा मिल रही है।
संयुक्त परामर्श और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा
उपाध्यक्ष डॉ. शाहनवाज आलम ने टाटा स्टील और टाटा वर्कर्स यूनियन के बीच संयुक्त परामर्श व्यवस्था, यूनियन की भूमिका, सोल बारगेनिंग और तीन स्तरीय व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और कार्यस्थल पर कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी साझा की।
वहीं उपाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने यूनियन के संगठनात्मक ढांचे के बारे में टीम को विस्तार से बताया।
100 साल के सफर की दिखाई फिल्म
यूनियन के ऑफिस इंचार्ज धर्मवीर कुमार सिंह ने टाटा वर्कर्स यूनियन के करीब 100 वर्षों के सफर पर आधारित फिल्म का वीडियो प्रेजेंटेशन दिखाया। इसके बाद टीम को यूनियन कार्यालय और बीजी गोपाल हेरिटेज गैलरी का भ्रमण कराया गया। इस दौरान पदाधिकारियों ने यूनियन के इतिहास और विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।
उत्पादकता और भविष्य की योजनाओं पर भी सवाल
TBEM असेसमेंट टीम के प्रतिनिधि रश्मिकांत प्रसाद ने यूनियन पदाधिकारियों से उत्पादकता और भविष्य में टाटा स्टील के लिए किए जाने वाले कार्यों की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने टाटा वर्कर्स यूनियन को एक महत्वपूर्ण विरासत के रूप में आगे भी सकारात्मक भूमिका निभाते रहने के लिए प्रेरित किया।
रश्मिकांत प्रसाद ने टाटा वर्कर्स यूनियन और टाटा स्टील जमशेदपुर के इतिहास की जानकारी हासिल करने के बाद पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की और भविष्य में भी इसी तरह सकारात्मक संकल्पों के साथ कार्य करने का भरोसा दिया।
अध्यक्ष शहर से बाहर, कई पदाधिकारी रहे मौजूद
यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी के शहर से बाहर रहने के कारण वह कार्यक्रम में मौजूद नहीं थे। कार्यक्रम के समन्वय में टाटा स्टील जमशेदपुर के एरिया मैनेजर एचआरबीपीआईआर एंड रिवार्ड हर्षदीप बावरा की भूमिका रही।
इस मौके पर यूनियन के उपाध्यक्ष राजीव कुमार चौधरी, सहायक सचिव अजय कुमार चौधरी, कोषाध्यक्ष अमोद कुमार दुबे समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।












