
जमशेदपुर: सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने बुधवार को चैम्बर भवन में व्यवसायियों और उद्यमियों के लिए “सुरक्षा एवं ब्रांड संरक्षण” विषय पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य उद्योग एवं व्यापार में सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और ब्रांड संरक्षण के महत्व से उद्यमियों को अवगत कराना था। इस दौरान टाटा स्टील के वरिष्ठ अधिकारियों ने औद्योगिक सुरक्षा, फायर सेफ्टी, सड़क सुरक्षा और नकली उत्पादों के खिलाफ उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी। चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि उपभोक्ताओं को हमेशा अधिकृत विक्रेता या अधिकृत रिटेलर से ही ब्रांडेड उत्पाद खरीदना चाहिए। यदि किसी नकली या डुप्लीकेट उत्पाद की जानकारी मिले तो इसकी शिकायत संबंधित उपभोक्ता संरक्षण विभाग में करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हेलमेट केवल पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए पहनना चाहिए और सभी नागरिकों को सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिए। टाटा स्टील के उपाध्यक्ष (SHS) राजीव मंगल ने कहा कि कंपनी औद्योगिक एवं व्यावसायिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और तय मानकों के पालन से दुर्घटनाओं के बावजूद उत्पादन प्रभावित नहीं होता। उन्होंने सभी उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों से सरकार द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की। चीफ सेफ्टी नीरज कुमार सिन्हा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बताया कि किसी भी प्रतिष्ठान में प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था कैसे विकसित की जा सकती है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा पर होने वाला खर्च कम होता है, लेकिन इसकी अनदेखी से होने वाला नुकसान कई गुना अधिक हो सकता है। उन्होंने व्यापारिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
चीफ सिक्योरिटी एवं ब्रांड प्रोटेक्शन जितेन्द्र सिंह शेखावत ने सड़क सुरक्षा पर कहा कि कार में पीछे बैठने वाले यात्रियों को भी सीट बेल्ट अवश्य लगानी चाहिए। उन्होंने बताया कि टाटा स्टील ने पिछले दो वर्षों में नकली उत्पादों और ब्रांड के दुरुपयोग के खिलाफ कार्रवाई कर करीब 85 लाख रुपये की रिकवरी की है। उन्होंने कहा कि ब्रांड का दुरुपयोग कर नकली उत्पाद बेचने वालों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की जा सकती है। एरिया मैनेजर ब्रांड प्रोटेक्शन ध्रुवज्योति साहा ने स्लाइड प्रस्तुति के माध्यम से नकली उत्पादों की पहचान और उनसे बचाव के उपाय बताए। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें उद्यमियों ने विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे। कार्यक्रम का संचालन महासचिव पुनीत कांवटिया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष (कर एवं वित्त) राजीव अग्रवाल ने दिया। कार्यक्रम में चैम्बर पदाधिकारियों सहित विभिन्न उद्योगों और कंपनियों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
