
जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित करनडीह लाइन टोला में मंगलवार देर रात एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी जयराम मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान मोहन सोरेन के रूप में हुई है, जो पेशे से कान्वाई चालक था और सुंदरनगर थाना क्षेत्र के नंदूप गांव का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार, मोहन सोरेन का जयराम मुर्मू के घर अक्सर आना-जाना था। इसी को लेकर जयराम को अपनी पत्नी और मोहन के बीच संबंध होने का संदेह था। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात जयराम ड्यूटी से लौटकर घर पहुंचा। इस दौरान घर में मौजूद मोहन को देखकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि जयराम ने घर में रखी स्टील की डेकची उठाकर मोहन पर हमला कर दिया। सिर पर लगातार किए गए वार से मोहन गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद बुधवार सुबह परसुडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन और हत्या में इस्तेमाल की गई खून से सनी स्टील की डेकची भी बरामद कर ली है। वहीं, आरोपी की पत्नी सविता मुर्मू ने पुलिस को बताया कि उसके पति को उस पर गलत शक था। उसके अनुसार, रात में पति घर पहुंचा और मोहन के साथ मारपीट करने लगा। विरोध करने पर उसके साथ भी मारपीट की गई, जिसके बाद वह अपने दोनों बच्चों को लेकर घर से निकल गई। सुबह वापस लौटने पर उसे मोहन की मौत की जानकारी मिली। परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला अवैध संबंध के शक से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
