

सरायकेला/कपाली: जमशेदपुर से सटे सरायकेला जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में रंगदारी को लेकर हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बदमाशों ने जमीन पर चारदीवारी निर्माण करा रहे एक व्यक्ति पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। घटना में जमीन मालिक बाल-बाल बच गया, जबकि एक गोली उसके पैर को छूते हुए निकल गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना कपाली ओपी क्षेत्र के वार्ड संख्या 5 स्थित इस्लामनगर मजार के पीछे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 20 निवासी अफसर नवाज अपनी निजी जमीन पर चारदीवारी निर्माण का कार्य करा रहे थे। इसी दौरान 8 से 10 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने उनसे कथित तौर पर रंगदारी की मांग की।
अफसर नवाज द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली उनके पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गए, जबकि दूसरी गोली सड़क पर जा गिरी। अचानक हुई गोलीबारी से निर्माण कार्य में लगे मजदूरों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
घायल अफसर नवाज का प्राथमिक उपचार कराया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

