
जमशेदपुर पुलिस ने कदमा थाना क्षेत्र के रामजनम नगर में हुई फायरिंग की घटना का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, तीन जिंदा गोलियां और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, 10 जून को रामजनम नगर में हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई थी। आरोप है कि आशु कर्मकार और उसके साथियों ने समीर नाग, सन्नी गुप्ता और विकास तांति के साथ मारपीट की थी तथा फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद कदमा थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
सिटी एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आशु कर्मकार समेत राजेश लोहार, विशाल कर्मकार और शुभम लोहार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आशु कर्मकार और समीर नाग के बीच लंबे समय से आपसी विवाद और वर्चस्व को लेकर तनाव चल रहा था, जिसके चलते इस घटना को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक देशी पिस्टल, तीन जिंदा गोलियां और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी राजेश लोहार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।

