जमशेदपुर: सुंदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरामडीह के समीप गुरुवार सुबह एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान बेबी सोरेन (19) के रूप में की गई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेबी सोरेन की शादी करीब चार महीने पहले चाईबासा के एक युवक से हुई थी। यह प्रेम विवाह बताया जा रहा है। वह मूल रूप से सरायकेला जिले के दुधी गांव की रहने वाली थी। परिजनों के अनुसार, दो दिन पहले वह अपनी मां के पास सरायकेला से जमशेदपुर आई थी और करनडीह स्थित अपनी एक सहेली के घर ठहरी हुई थी। बताया जा रहा है कि वह पिछले दो दिनों से हर सुबह कहीं जाती थी। गुरुवार सुबह भी बेबी सोरेन अपनी सहेली निकिता को यह कहकर घर से निकली कि वह अपने मामा के घर बागबेड़ा जा रही है। इसी दौरान तुरामडीह के पास उसका शव संदिग्ध स्थिति में पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही सुंदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या किसी दुर्घटना का।