अक्षर संवाद, जमशेदपुर
आगामी पॉलिटेक्निक प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने की। इस दौरान परीक्षा से जुड़े प्रशासनिक, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संबंधी सभी पहलुओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि 12 जुलाई 2026 (रविवार) को पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर पॉलिटेक्निक प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया गया।
उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को परीक्षा शुरू होने से पहले निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कदाचार की संभावना को रोकने के लिए सतर्क रहने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखते हुए परीक्षार्थियों के लिए शांतिपूर्ण एवं अनुकूल माहौल सुनिश्चित किया जाए। बैठक में परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा प्रत्येक परीक्षार्थी की अनिवार्य फ्रिस्किंग और बायोमेट्रिक सत्यापन सुनिश्चित करने तथा जांच के बिना किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं देने के निर्देश भी दिए गए।
