सरायकेला: सरायकेला-खरसावां पुलिस ने कपाली ओपी क्षेत्र में हुई जानलेवा फायरिंग की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी मोहम्मद जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देसी पिस्टल भी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीय ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में बताया कि आरोपी ने कपाली ओपी क्षेत्र में शेख नूर मोहम्मद उर्फ बाबू भाई उर्फ काना पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। गोली उनके पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे वे घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा। घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस और एक खोखा भी बरामद किया गया था। घटना के बाद आरोपी लगातार ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वह देर रात अपने घर कपड़े लेने आ सकता है। सूचना के आधार पर कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उसके घर के बाहर घेराबंदी कर दी। देर रात जैसे ही आरोपी घर पहुंचा, पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई देसी पिस्टल बरामद कर ली गई। एसपी ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पूर्व में छह बार जेल जा चुका है। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और इस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई में कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, सब इंस्पेक्टर रंजीत कुमार सिंह, सब इंस्पेक्टर हीरालाल मुंडू और टाइगर जवान विपुल कुमार तिवारी शामिल थे। एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।
