
जमशेदपुर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जमशेदपुर में कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की गई। जिला प्रशासन के अभियान के तहत मानगो नगर निगम के सभी निर्वाचित वार्ड पार्षदों को टाटा स्टील द्वारा संचालित कंपोस्ट प्लांट का भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें घरेलू कचरे को जैविक खाद में बदलने की आधुनिक और वैज्ञानिक तकनीक की जानकारी दी गई।
टाटा स्टील जू परिसर स्थित कंपोस्ट प्लांट में पहुंचे वार्ड पार्षदों ने कचरा प्रबंधन की पूरी प्रक्रिया को करीब से देखा और समझा। विशेषज्ञों ने बताया कि घरों और रसोई से निकलने वाले गीले कचरे को वैज्ञानिक पद्धति से प्रोसेस कर उपयोगी जैविक खाद में परिवर्तित किया जा सकता है, जिससे कचरे का बेहतर प्रबंधन संभव होता है और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को कचरा प्रबंधन की इस तकनीक से अवगत कराना और इसके प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना था। इस अवसर पर जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, टाटा स्टील के अधिकारी तथा जिला प्रशासन के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बताया कि यदि गीले और सूखे कचरे का स्रोत स्तर पर ही पृथक्करण किया जाए तो बड़ी मात्रा में कचरे का पुनर्चक्रण और पुनः उपयोग संभव है। इससे न केवल कचरे की समस्या कम होगी, बल्कि पर्यावरण प्रदूषण पर भी प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा।
उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मानगो क्षेत्र में भी इसी तरह का कंपोस्ट प्लांट स्थापित करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे, ताकि घरेलू कचरे को खाद में बदलकर उसका उपयोग किया जा सके और स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिले।

