
सराइकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत चौका थाना क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी में नहाने के दौरान एक युवक के डूब जाने की घटना सामने आई है। घटना सोमवार शाम जायदा मंदिर के समीप की बताई जा रही है, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित आदर्श कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय प्रेम कुमार अपने कुछ दोस्तों के साथ स्वर्णरेखा नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और संतुलन खो बैठा। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते वह नदी में डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से युवक की तलाश शुरू कर दी। नदी में काफी देर तक खोजबीन की गई, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका। पुलिस ने बताया कि युवक की तलाश के लिए सर्च अभियान जारी है और आवश्यक संसाधनों की मदद ली जा रही है। इधर घटना की खबर मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। युवक के लापता होने से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग भी युवक के सकुशल मिलने की उम्मीद में खोज अभियान पर नजर बनाए हुए हैं।
