
सुन्दरनगर में रामनवमी का आयोजन इस वर्ष शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न होने पर स्थानीय पुलिस प्रशासन को सम्मानित किया गया। श्रीनिवास अखाड़ा समिति, सुन्दरनगर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में समिति के सदस्यों ने प्रशासन के सहयोग की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस दौरान रामनवमी जुलूस को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाने के लिए सुन्दरनगर थाना प्रभारी अजीत कुमार मुण्डा और उपनिरीक्षक मिथुन स्वर्णकार को समिति की ओर से अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। समिति के सदस्यों ने कहा कि पुलिस की सक्रियता और कड़ी मेहनत से पूरे क्षेत्र में शांति और व्यवस्था बनी रही।
समिति के लाइसेंसी संतन कुमार ओझा ने कहा कि थाना प्रभारी के सहयोग से ही इतने बड़े धार्मिक आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सका। उन्होंने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस दिन-रात मुस्तैद रही और लगातार गश्त करती रही, जिससे पूजन और विसर्जन जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
सम्मान प्राप्त करने के बाद थाना प्रभारी अजीत कुमार मुण्डा ने समिति और नगरवासियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि रामनवमी जैसे बड़े आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना एक चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी होती है। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल पुलिस की नहीं, बल्कि शहरवासियों, आयोजकों और सभी समितियों के सहयोग का परिणाम है। सभी ने अनुशासन और भाईचारे का परिचय दिया, जिससे पूरा आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सका।
कार्यक्रम में संरक्षक पप्पू कुमार वर्मा, शैलेन्द्र सिंह, अमित मोदी, रामकृष्णा मिश्रा, सुभाष सिंह, भवेश प्रसाद, कंचन ओझा, उज्जवल पाठक, सोनू सोनी, कृष्णा वर्मा और मदन मिश्रा सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
