
जमशेदपुर : अंतरिक्ष में उपग्रह भेजने के बाद रॉकेट को सुरक्षित वापस लाना और अगली उड़ान के लिए फिर तैयार करना-भारत इसी दिशा में तकनीक विकसित कर रहा है। यह प्रयास सफल होने पर अंतरिक्ष अभियानों का खर्च काफी कम हो सकता है। भारतीय अनुसंधान परिषद के अध्यक्ष डॉ. डी. पाटिल ने जमशेदपुर में बताया कि पुनः उपयोग की तकनीक भविष्य में भारत की अंतरिक्ष गतिविधियों को नई मजबूती दे सकती है। वे सीएसआईआर–राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल) के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान संस्थान के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी भी उपस्थित थे। बातचीत में रॉकेट तकनीक के साथ हाइड्रोजन परिवहन, अंतरिक्ष स्टेशन और औद्योगिक शोध से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई।
एक रॉकेट से कई उड़ानों की तैयारी
डॉ. पाटिल के अनुसार, इसरो ऐसी तकनीक पर काम कर रहा है, जिससे रॉकेट को सुरक्षित उतारकर पांच से दस बार तक इस्तेमाल किया जा सके। फिलहाल प्रक्षेपण के बाद रॉकेट के कई हिस्से समुद्र में गिर जाते हैं और उनका दोबारा उपयोग नहीं हो पाता।nउन्होंने बताया कि पुनः उपयोग की व्यवस्था विकसित होने से लॉन्चिंग की लागत मौजूदा खर्च के पांचवें से दसवें हिस्से तक आ सकती है। कम खर्च में अधिक अभियान संचालित करने की संभावना भारत की वैश्विक अंतरिक्ष बाजार में भागीदारी बढ़ाने में मददगार होगी।
हाइड्रोजन पाइपलाइन की जांच के लिए नई लैब
एनएमएल में हाइड्रोजन के सुरक्षित परिवहन से जुड़ी महत्वपूर्ण सुविधा विकसित करने की तैयारी है। डॉ. संदीप घोष चौधरी के अनुसार, संस्थान के दूसरे कैंपस में हाइड्रोजन पाइपलाइन टेस्टिंग लैब स्थापित की जाएगी। पहले चरण के लिए केंद्र सरकार ने 30 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। यहां पाइपलाइन में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की जांच की जाएगी और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तकनीकी सुविधाएं विकसित होंगी। लैब के वर्ष 2027 के मध्य तक शुरू होने की उम्मीद जताई गई है। इससे देश में हाइड्रोजन परिवहन के लिए आवश्यक सामग्री के परीक्षण की क्षमता बढ़ेगी।
अंतरिक्ष स्टेशन के लिए खास सामग्री पर काम
भारत के वर्ष 2035 तक अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करने के लक्ष्य में भी एनएमएल भूमिका निभाने की तैयारी कर रहा है। अंतरिक्ष में लंबे समय तक रहने वाले यात्रियों और सूक्ष्मजीवों के प्रभाव से संरचनात्मक सामग्री में क्षरण की आशंका रहती है। इस चुनौती से निपटने के लिए विशेष सामग्री विकसित करने को लेकर अंतरिक्ष विभाग से बातचीत चल रही है। संस्थान अंतरिक्ष से संबंधित अन्य परियोजनाओं पर भी काम कर रहा है, जिनमें एएमसीए, इस्पात एवं खान मंत्रालय, बीएआरसी और रक्षा क्षेत्र से जुड़े कार्य शामिल हैं।
निजी अंतरिक्ष कंपनियों को भी तकनीकी सहयोग
एनएमएल निजी अंतरिक्ष क्षेत्र को मजबूत करने के लिए भी सहयोग बढ़ा रहा है। स्काईरूट के लॉन्च व्हीकल से जुड़े पुर्जे बनाने वाली कंपनियों से बातचीत की जा रही है। संस्थान अपनी थ्रीडी प्रिंटिंग तकनीक से उपकरण और कलपुर्जे तैयार करने में सहायता दे सकता है। संस्थान के अनुसार, इससे स्वदेशी निर्माण को बढ़ावा मिलेगा और विदेशी तकनीक पर निर्भरता घटाने में मदद मिलेगी। वहीं, शोध आय में उद्योगों की करीब 66 प्रतिशत हिस्सेदारी प्रयोगशाला और औद्योगिक जरूरतों के बीच बढ़ते तालमेल को दर्शाती है।












