
- जमशेदपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने पूर्व केंद्रीय मंत्री की मां सायरा मुंडा को दी श्रद्धांजलि, करीब एक घंटे तक आवास पर रहकर परिवार से जताई संवेदना
जमशेदपुर : राजनीति में विचारधाराओं और दलों के बीच मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन दुख की घड़ी में मानवीय संवेदनाएं इन सबसे ऊपर होती हैं। इसकी झलक शुक्रवार को जमशेदपुर में देखने को मिली। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं जमशेदपुर पहुंचे और उनके आवास पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और अर्जुन मुंडा को ढांढ़स बंधाया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार दोपहर करीब 2:45 बजे हेलीकॉप्टर से जमशेदपुर पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर घोड़ाबांधा स्थित कनफुटा मैदान में उतरा। मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं। यहां जिला प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पुलिस के जवानों ने निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत मुख्यमंत्री को सलामी दी।
करीब एक घंटे तक अर्जुन मुंडा के आवास पर रहे मुख्यमंत्री
गार्ड ऑफ ऑनर की औपचारिकता पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ सड़क मार्ग से घोड़ाबांधा स्थित अर्जुन मुंडा के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत सायरा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद अर्जुन मुंडा और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर दुख की इस घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि मां का जाना जीवन की सबसे बड़ी और अपूरणीय क्षति होती है। उन्होंने अर्जुन मुंडा और उनके परिवार के सदस्यों को ढांढ़स बंधाया। मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन करीब एक घंटे तक अर्जुन मुंडा के आवास पर रहे। इसके बाद वे वापस कनफुटा मैदान स्थित हेलीपैड पहुंचे और हेलीकॉप्टर से रांची के लिए रवाना हो गए।
कई विधायक और जनप्रतिनिधियों ने भी जताया शोक
मुख्यमंत्री के साथ शोक संवेदना व्यक्त करने झामुमो के कई विधायक और वरिष्ठ नेता भी अर्जुन मुंडा के आवास पहुंचे। इनमें बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती, घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, पोटका विधायक संजीव सरदार, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी और ईचागढ़ विधायक सविता महतो शामिल थीं।
जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, राजीव कुमार महतो उर्फ काबलू, झामुमो जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भी दिवंगत सायरा मुंडा को श्रद्धांजलि दी। वरिष्ठ भाजपा नेता अमरप्रीत सिंह काले ने भी अर्जुन मुंडा से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुबह से अलर्ट रहा प्रशासन
मुख्यमंत्री के जमशेदपुर आगमन को लेकर जिला और पुलिस प्रशासन सुबह से ही सतर्क रहा। कनफुटा मैदान से लेकर अर्जुन मुंडा के आवास तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इस दौरान उपायुक्त राजीव रंजन, एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब, डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल और धालभूम एसडीओ अर्णव मिश्रा समेत प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जिले के सभी डीएसपी भी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी में जुटे रहे।












