
- 94.25 लाख रुपये सालाना रहा सबसे बड़ा पैकेज, 95.11 प्रतिशत अंडरग्रेजुएट छात्रों का हुआ प्लेसमेंट; 430 विद्यार्थियों को मिला इंटर्नशिप का मौका
जमशेदपुर : नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) जमशेदपुर के विद्यार्थियों ने प्लेसमेंट के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन किया है। संस्थान के कैंपस प्लेसमेंट में 280 से अधिक कंपनियों ने हिस्सा लिया, जिसमें 661 अंडरग्रेजुएट विद्यार्थियों ने नौकरी हासिल की। खास बात यह रही कि अंडरग्रेजुएट छात्रों का ओवरऑल प्लेसमेंट रेट 95.11 प्रतिशत दर्ज किया गया। इस दौरान अधिकतम सालाना पैकेज 94.25 लाख रुपये तक पहुंचा, जबकि औसत पैकेज 14.36 लाख और मीडियन पैकेज 12.13 लाख रुपये रहा।
14 विद्यार्थियों को 50 लाख से अधिक का पैकेज
प्लेसमेंट सीजन में NIT के विद्यार्थियों को आकर्षक ऑफर मिले। संस्थान के अनुसार, 14 विद्यार्थियों को 50 लाख रुपये सालाना से अधिक के पैकेज पर नौकरी मिली। यह उपलब्धि संस्थान के विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता और कंपनियों के बीच उनकी बढ़ती मांग को दर्शाती है।
पीजी के 263 विद्यार्थियों को मिली नौकरी
अंडरग्रेजुएट के साथ पोस्टग्रेजुएट विद्यार्थियों ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। पीजी के 263 विद्यार्थियों ने प्लेसमेंट हासिल किया। इस श्रेणी में अधिकतम सालाना पैकेज 46 लाख रुपये रहा। वहीं, संस्थान के 430 विद्यार्थियों को इंटर्नशिप का अवसर मिला। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान ही औद्योगिक और व्यावसायिक अनुभव हासिल करने का मौका मिल रहा है।
29 नवंबर को होगा 16वां दीक्षांत समारोह
NIT जमशेदपुर में 29 नवंबर को 16वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी पाठ्यक्रमों के कुल 1224 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 736 बीटेक, 184 एमटेक, दो एमडेस, 100 एमएससी, 112 एमसीए और 90 पीएचडी की डिग्रियां शामिल हैं।
समारोह में शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए 23 मेडल भी प्रदान किए जाएंगे। इनमें दो गोल्ड और 21 सिल्वर मेडल शामिल हैं। ऋतिशा रंजन और अमिया रंजन कबी को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा।
दो प्रतिष्ठित हस्तियों को मानद डी.लिट.
दीक्षांत समारोह में समाजसेवी एवं विकास भारती के सचिव अशोक भगत तथा KIIT डीम्ड यूनिवर्सिटी, ओडिशा के संस्थापक-कुलाधिपति और मेंटर प्रो. डॉ. अच्युत सामंत को मानद डॉक्टर ऑफ लिटरेचर (डी.लिट.) की उपाधि प्रदान की जाएगी।
समारोह में नीति आयोग के सदस्य डॉ. गोबर्धन दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, रक्षा अनुसंधान और प्रशासनिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहेंगी।
संस्थान के अनुसार, यह दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव होने के साथ शिक्षा, शोध, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के प्रति NIT जमशेदपुर की प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित करेगा।












