
- दूर-दराज के गांवों से कॉलेज आने वाले विद्यार्थियों की परेशानी होगी दूर, कुणाल षाड़ंगी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री चमरा लिंडा को सौंपा मांग पत्र
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के मुसाबनी जैसे पिछड़े और नक्सल प्रभावित क्षेत्र में उच्च शिक्षा हासिल करने वाले विद्यार्थियों के लिए बड़ी पहल होने जा रही है। मुसाबनी माइंस इंटर कॉलेज परिसर में जल्द ही 100 बेड का छात्रावास बनाया जाएगा। राज्य के कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने कॉलेज प्रबंधन की मांग पर छात्रावास निर्माण की स्वीकृति और आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया है। इससे खासकर दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से आने वाले आदिवासी विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
90 प्रतिशत विद्यार्थी आदिवासी समुदाय से
मुसाबनी माइंस इंटर कॉलेज आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र है। कॉलेज में पढ़ने वाले करीब 90 प्रतिशत विद्यार्थी अनुसूचित जनजाति समुदाय से आते हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे विद्यार्थियों की है, जो दूर-दराज के गांवों से प्रतिदिन लंबी दूरी तय कर कॉलेज पहुंचते हैं।
आवागमन की परेशानी के कारण कई विद्यार्थियों को पढ़ाई जारी रखने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों के लिए यह समस्या और भी गंभीर है। ऐसे में कॉलेज परिसर में छात्रावास बनने से विद्यार्थियों को रहने की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
कुणाल षाड़ंगी के नेतृत्व में मंत्री से मिले प्रतिनिधि
छात्रावास निर्माण की मांग को लेकर झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी के नेतृत्व में कॉलेज का प्रतिनिधिमंडल कल्याण मंत्री चमरा लिंडा से मिला। प्रतिनिधिमंडल में कॉलेज के प्राचार्य गोबिंदा बास्के, सचिव तुषार कांत पात्र एवं लक्ष्मीकांत बेहरा शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को मांग पत्र सौंपते हुए बताया कि कॉलेज में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, पिछड़े वर्ग एवं अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थी बड़ी संख्या में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। छात्रावास बनने से इन विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अनुकूल माहौल मिल सकेगा।
छात्रावास से शिक्षा को मिलेगी नई मजबूती
मांग पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए मंत्री चमरा लिंडा ने 100 बेड के छात्रावास निर्माण की दिशा में जल्द आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने का भरोसा दिया। कॉलेज प्रतिनिधिमंडल ने इस पहल के लिए मंत्री के प्रति आभार जताया।
कॉलेज प्रबंधन का मानना है कि छात्रावास बनने से विशेषकर आदिवासी और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को लाभ होगा। साथ ही दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को भी सुरक्षित आवासीय सुविधा मिलने से उच्च शिक्षा हासिल करने के अवसर बढ़ेंगे।












