
- युवा वैज्ञानिकों से बड़े सपने देखने और नए आविष्कारों के जरिए देश को आगे ले जाने का राज्यपाल ने किया आह्वान
जमशेदपुर: भारत को दुनिया की अग्रणी आर्थिक और औद्योगिक ताकत बनाने के लिए अब अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और स्वदेशी संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल पर जोर देना होगा। आने वाले समय में वही देश वैश्विक स्तर पर मजबूत स्थिति बना सकेगा, जिसके पास अपनी तकनीक, वैज्ञानिक क्षमता और आधुनिक उद्योग होंगे। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गुरुवार को CSIR-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (NML) के 77वें स्थापना दिवस समारोह में यह बात कही।
उन्होंने कहा कि भारत में वैज्ञानिक प्रतिभा और संसाधनों की कमी नहीं है। जरूरत है इनका सही दिशा में उपयोग करने और प्रयोगशालाओं में होने वाले शोध को व्यावहारिक रूप देकर उद्योगों तक पहुंचाने की। स्वदेशी तकनीक के विकास से न केवल विदेशी निर्भरता कम होगी, बल्कि देश की औद्योगिक क्षमता और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
सेमीकंडक्टर से रक्षा क्षेत्र तक बढ़ेगी स्वदेशी तकनीक की जरूरत
राज्यपाल ने आधुनिक तकनीक में विशेष धातुओं और उन्नत सामग्रियों की बढ़ती उपयोगिता पर ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि आज मोबाइल फोन, कंप्यूटर, वाहन, रक्षा उपकरण और अत्याधुनिक मशीनों का संचालन सेमीकंडक्टर जैसी तकनीकों पर निर्भर है। इनके निर्माण में विशेष गुणों वाली सामग्रियों की अहम भूमिका होती है। ऐसे में भारत को इस क्षेत्र में अपनी अनुसंधान क्षमता लगातार बढ़ानी होगी।
उन्होंने कहा कि आधुनिक उद्योगों और रक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण खनिजों तथा विशेष धातुओं की मांग बढ़ रही है। इन जरूरतों को पूरा करने के लिए स्वदेशी तकनीक विकसित करना समय की मांग है। खनिजों से उपयोगी पदार्थ तैयार करने, मजबूत और टिकाऊ धातुओं का विकास करने तथा औद्योगिक कचरे का दोबारा उपयोग करने जैसे क्षेत्रों में वैज्ञानिकों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है।
प्रयोगशाला का शोध उद्योगों तक पहुंचे, तभी मिलेगा वास्तविक लाभ
राज्यपाल ने कहा कि किसी भी वैज्ञानिक अनुसंधान की सफलता तब अधिक सार्थक होती है, जब उसका इस्तेमाल आम जीवन और औद्योगिक उत्पादन में हो। प्रयोगशालाओं में विकसित तकनीक जब कारखानों तक पहुंचती है तो उत्पादन की गुणवत्ता बेहतर होती है। इससे नए रोजगार पैदा होने के साथ उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता भी बढ़ती है।
उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग और पर्यावरण संरक्षण को भी वैज्ञानिक अनुसंधान से जोड़ते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाया जा सकता है।
76 वर्षों की वैज्ञानिक विरासत, जमशेदपुर की पहचान से जुड़ा NML
जमशेदपुर की औद्योगिक पहचान का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यहां राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला जैसी प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्था का होना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। पिछले 76 वर्षों में संस्थान ने खनिज, धातु और पदार्थ विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया है। वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और कर्मचारियों की मेहनत ने इसे देश के प्रमुख अनुसंधान संस्थानों में स्थान दिलाया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘जय विज्ञान, जय अनुसंधान’ का संदेश देश को नई खोजों और तकनीकी उपलब्धियों की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
युवा वैज्ञानिकों से बड़े सपने देखने की अपील
राज्यपाल ने युवा वैज्ञानिकों और शोधार्थियों से कहा कि वे अपनी जिज्ञासा को अनुसंधान का आधार बनाएं और बड़े लक्ष्य निर्धारित करें। नए विचारों के साथ प्रयोग करने और चुनौतियों से सीखने की प्रवृत्ति ही भविष्य के आविष्कारों का रास्ता खोलेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि CSIR-NML आने वाले वर्षों में अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा। उद्योगों, विश्वविद्यालयों और दूसरे वैज्ञानिक संस्थानों के साथ बेहतर समन्वय से यहां विकसित तकनीकों का लाभ देश के औद्योगिक विकास को मिलेगा। समारोह के अंत में उन्होंने संस्थान के वैज्ञानिकों और इससे जुड़े सभी लोगों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।












