

जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश पर एक बड़ी छापेमारी की गई। यह कार्रवाई रिफ्यूजी कॉलोनी स्थित साईनाथ एंटरप्राइजेज में की गई, जहां अंतरराष्ट्रीय ब्रांड के नाम पर अवैध तरीके से सामान बेचे जाने का खुलासा हुआ है। कोर्ट द्वारा नियुक्त दंडाधिकारी दीप्तोनिल हाजरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोपहर करीब पौने तीन बजे गोदाम और दुकानों पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में ‘नेपाल यूनिलीवर’ ब्रांड के टूथपेस्ट, पाउडर और अन्य सौंदर्य प्रसाधन बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये उत्पाद नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत में लाए जा रहे थे और बाजार में बेचे जा रहे थे। यह मामला ट्रेडमार्क नियमों और अंतरराष्ट्रीय मानकों के उल्लंघन से जुड़ा बताया जा रहा है। जब्त किए गए सामान की मात्रा इतनी अधिक है कि अधिकारियों को सूची तैयार करने और कीमत का आकलन करने में घंटों मशक्कत करनी पड़ रही है। फिलहाल पुलिस और कोर्ट की टीम साईनाथ एंटरप्राइजेज के संचालकों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस अवैध सप्लाई नेटवर्क का मुख्य सरगना कौन है और इसका जाल शहर के किन-किन इलाकों तक फैला हुआ है। बरामद सामान को जब्त कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

