
जमशेदपुर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जमशेदपुर वन प्रमंडल की ओर से विश्व पर्यावरण सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वन विभाग ने “स्वच्छ नदी, स्वस्थ पर्यावरण” के संकल्प के साथ नदी सफाई अभियान चलाया।
जमशेदपुर वन प्रमंडल के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष अभियान में वन विभाग के अधिकारियों और कर्मियों के साथ विभिन्न कॉलेजों के छात्र-छात्राओं, सामाजिक संगठनों तथा एनजीओ के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान के दौरान नदी और उसके तटों पर फैले प्लास्टिक, पॉलीथिन एवं अन्य कचरों को हटाकर सफाई की गई।
इस अवसर पर डीएफओ सबा आलम ने कहा कि स्वच्छ नदियां पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों का स्वच्छ रहना पर्यावरण संरक्षण के लिए अत्यंत आवश्यक है। साथ ही लोगों से अपील की कि वे नदियों और जलाशयों में कचरा न फेंकें तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
वन विभाग का यह अभियान लोगों को स्वच्छ और हरित पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। विश्व पर्यावरण सप्ताह के दौरान ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

