
जमशेदपुर: शहर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित रनिंग रूम के पास देर रात अपराधियों ने एक लोको पायलट की गोली मारकर हत्या कर दी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ज्ञानेंद्र कुमार गौतम के रूप में हुई है, जो आदित्यपुर (सरायकेला) के निवासी बताए जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 1:30 बजे की है। बताया जाता है कि ज्ञानेंद्र कुमार गौतम टाटानगर रेलवे स्टेशन स्थित लॉबी की ओर जा रहे थे, तभी बाइक सवार दो अपराधी वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली उनके सीने में लगी, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी गोलियां लगने की बात सामने आई है। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी समेत कई वरीय पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी बागबेड़ा की ओर फरार हो गए। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।

