
जमशेदपुर: शहर के आजादनगर थाना क्षेत्र में शनिवार रात करीब 9 बजे उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित नूर कॉलोनी में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान हुई चाकूबाजी की घटना में 4 लोग घायल हो गए, जिनमें 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत मामूली कहासुनी से हुई थी, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार भुजाली से हमला कर दिया। इस हमले में शेख खान (18), समीर खान (20), मोहम्मद शोएब (22) और पप्पू घायल हो गए। बताया जा रहा है कि समीर खान को छोड़ अन्य तीन घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने ताबड़तोड़ हमला कर तीन युवकों को लहूलुहान कर दिया, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे एक अधेड़ को भी निशाना बनाया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही गश्त पर निकली आजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि दो की स्थिति फिलहाल स्थिर है।इधर, हमलावरों ने मौके पर खड़ी एक बुलेट बाइक को भी आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चंदन कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी एमजीएम अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

