
मुंबई: टाटा पावर ने अपने रूफटॉप सोलर बिजनेस के विस्तार को लेकर बड़ा लक्ष्य तय किया है। कंपनी का लक्ष्य 2030 तक इस कारोबार से सालाना ₹30,000 करोड़ का राजस्व हासिल करना है। भारत में घरों, आवासीय सोसायटियों और औद्योगिक इकाइयों की छतों पर सोलर सिस्टम लगाने की बढ़ती मांग, अनुकूल सरकारी नीतियों और तकनीकी लागत में कमी से रूफटॉप सोलर बाजार तेजी से बढ़ रहा है। टाटा पावर अब तक देशभर में 5 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर ग्राहकों को सेवाएं दे चुकी है। कंपनी का लक्ष्य 2029 तक ग्राहकों की संख्या बढ़ाकर 30 लाख करने का है। इसके साथ ही कंपनी भारत के तेजी से बढ़ते रूफटॉप सोलर बाजार में 25 फीसदी हिस्सेदारी हासिल करना चाहती है।
राजस्व और मुनाफे में दर्ज की मजबूत वृद्धि
टाटा पावर के रूफटॉप सोलर बिजनेस ने पिछले कुछ वर्षों में मजबूत प्रदर्शन किया है। वित्त वर्ष 2024 की पहली तिमाही में ₹342 करोड़ रहा राजस्व वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में करीब चार गुना बढ़कर ₹1,350 करोड़ हो गया। यह करीब 58 फीसदी की सीएजीआर वृद्धि को दर्शाता है।
इसी अवधि में EBITDA ₹38 करोड़ से बढ़कर ₹197 करोड़ हो गया, जो करीब 74 फीसदी की सीएजीआर वृद्धि है। वहीं, टैक्स के बाद कंपनी का शुद्ध मुनाफा ₹23 करोड़ से बढ़कर ₹145 करोड़ पहुंच गया, जो करीब 84 फीसदी की सीएजीआर वृद्धि है।
सोलर पैनल के साथ बैटरी स्टोरेज पर जोर
कंपनी अब केवल सोलर पैनल लगाने तक सीमित नहीं रहना चाहती। टाटा पावर रूफटॉप सोलर के साथ बैटरी एनर्जी स्टोरेज सॉल्यूशंस को जोड़कर ग्राहकों को एकीकृत घरेलू ऊर्जा समाधान देने की दिशा में आगे बढ़ रही है। सोलर पैनल और बैटरी स्टोरेज के संयोजन से ग्राहक सौर ऊर्जा का बेहतर इस्तेमाल कर सकेंगे। साथ ही बिजली की उपलब्धता में सुधार और ऊर्जा के मामले में आत्मनिर्भरता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
बढ़ती मांग से बाजार में विस्तार की उम्मीद
कंपनी के अनुसार, ग्राहक अब केवल सोलर पैनल लगाने के बजाय घर के लिए भरोसेमंद और व्यापक ऊर्जा समाधान चाहते हैं। ऐसे में सोलर और बैटरी स्टोरेज को एक साथ उपलब्ध कराने से रूफटॉप सोलर बाजार का दायरा और बढ़ सकता है। भारत में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने वाली सरकारी नीतियां, बिजली की बढ़ती मांग, तेजी से होता शहरीकरण, तकनीकी लागत में कमी और उपभोक्ताओं में बढ़ती जागरूकता रूफटॉप सोलर सेक्टर को गति दे रही है।
देशव्यापी नेटवर्क और मजबूत ब्रांड का मिलेगा फायदा
टाटा पावर का मानना है कि उसका देशव्यापी नेटवर्क, मजबूत ब्रांड, ग्राहक सेवा और आधुनिक तकनीक रूफटॉप सोलर कारोबार के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कंपनी को उम्मीद है कि आवासीय रूफटॉप सोलर को लेकर सरकारी समर्थन और टिकाऊ, भरोसेमंद तथा डिजिटल तकनीक से जुड़े ऊर्जा समाधानों की बढ़ती मांग से उसके कारोबार को आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।

