
जमशेदपुर : जिले में कुपोषण की रोकथाम और लोगों को संतुलित व पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक करने के लिए पोषण जागरूकता रथ रवाना किया गया। सोमवार को समाहरणालय परिसर से जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया।
9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चल रहा पोषण माह
मिशन सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0 के तहत 9वां राष्ट्रीय पोषण माह-2026 मनाया जा रहा है। यह अभियान 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इस वर्ष इसकी थीम हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी रखी गई है।
पोषण माह के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ-साथ परियोजना और जिला स्तर पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य पोषण को लेकर लोगों की भागीदारी बढ़ाना और कुपोषण की रोकथाम के लिए सामुदायिक स्तर पर प्रयास तेज करना है।
आहार में विविधता और प्रोटीन पर जोर
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पोषण माह के दौरान पांच प्रमुख विषयों पर विशेष रूप से जागरूकता गतिविधियां चलायी जाएं। इनमें आहार में विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा एवं पका हुआ भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही को प्रमुखता दी गई है।
इसके अलावा बाल विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।
बच्चों और गर्भवती महिलाओं तक पहुंचेगा संदेश
उपायुक्त ने कहा कि पोषण सिर्फ व्यक्तिगत स्वास्थ्य का विषय नहीं है, बल्कि यह पूरे समुदाय की साझा जिम्मेदारी है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती और धात्री महिलाओं तक पोषण, स्वास्थ्य तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल से जुड़ी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
पोषण जागरूकता रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को संतुलित आहार, पर्याप्त प्रोटीन, बच्चों के समुचित विकास, मातृ स्वास्थ्य और आंगनबाड़ी सेवाओं के प्रति जागरूक करेगा। विभागीय समन्वय और सामुदायिक भागीदारी के जरिए जिले में स्वस्थ और सुपोषित समाज के निर्माण की दिशा में अभियान चलाया जाएगा।











