
नीलांबर-पीतांबरपुर/लेस्लीगंज : लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के गोपालगंज में सोमवार दोपहर सीएसपी लूटने पहुंचे दो कथित बदमाशों को ग्रामीणों ने घेरकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। बताया गया कि दोनों युवक पहले सड़क लूट की वारदात को अंजाम देकर बाइक लेकर भागे और उसी बाइक से सीएसपी पहुंच गए। लूट के दौरान दुकानदार की मां ने साहस दिखाते हुए एक कथित लुटेरे से पिस्टल छीन ली। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों को पकड़ लिया गया।
पहले सड़क पर लूट, फिर CSP को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए दोनों युवक तरहसी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। उनकी पहचान रामवीर सिंह (18), पिता बुधराम सिंह, बजलपुर सीलदिलाया और पवन सिंह (18), पिता अजय सिंह, गुरतुरी पतीला के रूप में हुई है।
आरोप है कि सोमवार सुबह पोलपोल-पोखराहा के बीच सड़क पर दोनों ने लूट की घटना को अंजाम दिया और एक बाइक छीन ली। इसके बाद उसी बाइक से गोपालगंज पहुंचे और रोहित कुमार के घर में संचालित सीएसपी एवं ऑनलाइन सेंटर को निशाना बनाया।
मारपीट के बाद रुपये बैग में भरने का आरोप
जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब दो बजे दोनों युवक सेंटर में घुसे। आरोप है कि उन्होंने रोहित कुमार के साथ मारपीट की और सेंटर में रखे रुपये बैग में भर लिए।
लूट के बाद दोनों भागने लगे। इसी दौरान फायरिंग की कोशिश किए जाने की बात भी सामने आई है। शोर सुनकर रोहित कुमार की मां बाहर निकलीं और एक कथित लुटेरे से भिड़ गईं।
मां ने लुटेरे से छीन ली पिस्टल
बदमाश के हाथ में हथियार देखकर भी महिला पीछे नहीं हटीं। उन्होंने साहस दिखाते हुए कथित लुटेरे से पिस्टल छीन ली। इसके बाद रोहित कुमार ने भी दोनों को पकड़ने का प्रयास किया।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने दोनों युवकों को घेर लिया और उन्हें भागने का मौका नहीं दिया। बाद में दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस पहुंची, घटनास्थल की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही लेस्लीगंज एसडीपीओ प्रशांत कुमार, सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार और लेस्लीगंज एएसआई हरेंद्र पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर घटनास्थल का जायजा लिया और ग्रामीणों से पूछताछ की।
लूट में इस्तेमाल की गई बाइक पल्सर बताई जा रही है, जिसका नंबर JH-03-AQ-3836 है। पुलिस बाइक और हथियार के स्रोत की भी जांच कर रही है।
हथियार और लूट की कड़ी खंगाल रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, दोनों युवक रविवार शाम भाड़े पर पिस्टल लेकर बस से सतबरवा पहुंचे थे। सोमवार तड़के करीब चार बजे पोलपोल के पास सड़क लूट की घटना को अंजाम देने के बाद वे बाइक लेकर गोपालगंज पहुंचे।
अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कथित तौर पर पिस्टल किससे ली गई थी, सड़क लूट की घटना में और कौन शामिल था तथा सीएसपी को निशाना बनाने से पहले आरोपियों ने रेकी की थी या नहीं।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम और संभावित आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।











