
जमशेदपुर: शहर के कदमा थाना अंतर्गत कालिंदी रोड में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुरक्षित माने जाने वाले इस इलाके में अज्ञात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाकर लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाउस नंबर 15 निवासी लोकेश कुमार सिंह उर्फ “गब्बर” के घर में यह घटना उस वक्त हुई जब पूरा परिवार घर से बाहर था। चोरों ने इस मौके का फायदा उठाते हुए घर में प्रवेश किया और अलमारी के ताले तोड़कर करीब 8 से 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहनों की चोरी कर ली।
चोरी गए सामानों में सोने के नेकलेस, कान की बालियां, नाक के झुमके समेत अन्य कीमती आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा चोर घर में रखे 25 हजार रुपये नकद भी अपने साथ ले गए।
बताया जा रहा है कि गृहस्वामी लोकेश कुमार बिष्टुपुर थाना में क्रेन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत हैं। शुक्रवार शाम वे एक सड़क दुर्घटना के सिलसिले में क्रेन लेकर जुबली पार्क के पास गए हुए थे। उसी दौरान उनकी पत्नी टाटा स्टील में ड्यूटी पर थीं और बच्चे ट्यूशन पढ़ने गए हुए थे। घर पूरी तरह खाली होने के कारण चोरों ने बड़ी आसानी से वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद कालिंदी रोड समेत आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि भीड़भाड़ वाले इलाके में दिन के उजाले में इस तरह की घटनाएं हो सकती हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल उठना लाजिमी है। लोगों ने पुलिस गश्ती में कमी का आरोप लगाते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
