जमशेदपुर: सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) के सहयोग से गुरुवार को गोलमुरी स्थित होटल विवांता में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की शारजाह सरकार के शारजाह एयरपोर्ट इंटरनेशनल फ्री ज़ोन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उद्यमियों की विशेष वन-टू-वन (बी2बी) बिजनेस मीटिंग आयोजित की। बैठक का उद्देश्य कोल्हान के उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय निवेश और व्यापार विस्तार के अवसरों से जोड़ना था। शारजाह सरकार के प्रतिनिधिमंडल में अली अल मुतावा और शोएब इब्राहिम खतीब शामिल थे, जबकि फिक्की की ओर से सेजल सिंह मौजूद रहीं। सिंहभूम चैंबर की ओर से अध्यक्ष मानव केड़िया, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगासिया, उपाध्यक्ष (व्यापार एवं वाणिज्य) अनिल मोदी, उपाध्यक्ष (कराधान एवं वित्त) राजीव अग्रवाल तथा कार्यकारिणी सदस्य पंकज पटेल, कमल लाढ़ा और बजरंग अग्रवाल ने भाग लिया।
बैठक में एसएआईएफ ज़ोन के अधिकारियों ने बताया कि उनका संगठन पिछले 30 वर्षों से सफलतापूर्वक कार्य कर रहा है और यह जमशेदपुर का उनका पांचवां दौरा है। उन्होंने कहा कि एसएआईएफ ज़ोन में वर्तमान में करीब 8,500 कंपनियां संचालित हैं, जिनमें लगभग 60 प्रतिशत भारतीय कंपनियां हैं। यहां विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना और उद्योग-अनुकूल नीतियां उपलब्ध हैं, जिससे विदेशी निवेशकों को कारोबार शुरू करने में सुविधा मिलती है। अधिकारियों ने बताया कि शारजाह में निवेश करने वाले उद्यमियों को औद्योगिक भूखंड, आधुनिक वेयरहाउस, श्रमिक आवास, शून्य कस्टम ड्यूटी, शून्य कर, रेजिडेंट वीजा, स्थानीय बैंक खाता खोलने की सुविधा और मात्र 60 मिनट में कंपनी पंजीकरण जैसी कई विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। सिंहभूम चैंबर के अध्यक्ष मानव केड़िया ने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय उद्यमियों को वैश्विक बाजारों तक पहुंचने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि शारजाह सरकार की निवेश-अनुकूल नीतियों का लाभ उठाकर कोल्हान के उद्यमी मध्य-पूर्व में अपने कारोबार का विस्तार कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि 9 जुलाई से शुरू हुई वन-टू-वन बी2बी बैठकें 10 जुलाई की दोपहर तक जारी रहेंगी। इन बैठकों के माध्यम से उद्यमियों को शारजाह में निवेश, उद्योग और व्यापार विस्तार की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। अंत में सिंहभूम चैंबर ने फिक्की और शारजाह सरकार का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक संवाद आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
