
चतरा: झारखंड-बिहार सीमा पर सक्रिय शराब तस्करों के खिलाफ चतरा :पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने करीब 16 लाख रुपये मूल्य की 3,700 बोतल विदेशी शराब से भरे एक ट्रक को जब्त किया है। तस्करों ने शराब की खेप को धान के भूसे के नीचे छिपाकर बिहार भेजने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनकी योजना नाकाम हो गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब चतरा के रास्ते बिहार ले जाई जा रही है। इसके बाद सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर शेरेगड़ा के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान जैसे ही पुलिस ने संदिग्ध ट्रक को रुकने का संकेत दिया, चालक ने वाहन नहीं रोका। आरोप है कि उसने पुलिस टीम को कुचलने की कोशिश करते हुए तेज रफ्तार में ट्रक भगा दिया। पुलिस ने पीछा किया तो संघरी घाटी मोड़ के पास ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे का फायदा उठाकर चालक मौके से फरार हो गया।
ट्रक पलटने के बाद जब पुलिस ने तलाशी ली तो धान के भूसे के नीचे बड़ी मात्रा में विदेशी शराब की पेटियां बरामद हुईं। ट्रक पलटने से कई बोतलें सड़क पर बिखर गईं। पुलिस ने मौके से कुल 3,700 बोतल विदेशी शराब जब्त कर ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया।
सोमवार को सदर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर फरार चालक और इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शराब की खेप किस राज्य से लाई गई थी और बिहार में किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

