
जमशेदपुर: छात्रों को कानून और अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से सोमवार को सुंदरनगर क्षेत्र में व्यापक विधिक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जमशेदपुर के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय के निर्देश तथा डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस दौरान डालसा की मोबाइल विधिक जागरूकता वैन सुंदरनगर पहुंची और विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का आयोजन मध्य विद्यालय, सुंदरनगर तथा जयपाल सिंह मुंडा इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन इंग्लिश मीडियम हाई स्कूल, करनडीह में किया गया। डालसा टीम में शामिल लीगल एड डिफेंस काउंसिल (एलएडीसी) की सदस्य रंजना पांडेय, पीएलवी सह अधिकार मित्र दिलीप जायसवाल, अरुण रजक, सुनील पांडेय, ग्लोरिया पूर्ति, प्रकाश सांडिल तथा लॉ प्रशिक्षु अंजली, शरुजा और सुदीपा ने विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्रों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार की भूमिका, उद्देश्य और निःशुल्क कानूनी सहायता की व्यवस्था के बारे में बताया गया। इसके साथ ही स्थायी लोक अदालत, राष्ट्रीय लोक अदालत, बाल अधिकार, बाल तस्करी, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बाल श्रम रोकथाम अधिनियम, बाल हिंसा से संरक्षण, चाइल्ड वेलफेयर कमेटी, जिला बाल संरक्षण इकाई, डायन प्रथा उन्मूलन, घरेलू हिंसा, शिशु परियोजना, नशा उन्मूलन, साइबर अपराध से बचाव तथा आपदा एवं सड़क दुर्घटनाओं में मिलने वाली मुआवजा योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
डालसा टीम ने विद्यार्थियों से अपील की कि किसी भी कानूनी समस्या या अन्याय की स्थिति में वे बिना संकोच संबंधित विभागों से संपर्क करें। कार्यक्रम के दौरान नालसा की निःशुल्क कानूनी सलाह एवं सहायता हेल्पलाइन 15100, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस आपातकालीन सेवा 100/112, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा वरिष्ठ नागरिक हेल्पलाइन 14567 जैसे महत्वपूर्ण नंबर भी साझा किए गए। छात्रों ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी दिखाई और कानूनी जागरूकता से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने सरल भाषा में उत्तर दिया।

