
पलामू: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा गड़बड़ी मामले की जांच तेज हो गई है। सोमवार को अपराध अनुसंधान विभाग (CID) और पलामू पुलिस की संयुक्त टीम ने मेदिनीनगर और नौडीहा बाजार में एक साथ छापेमारी कर कई अहम दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए। जब्त सामग्री की जांच के बाद मामले में नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही CID ने सोमवार को पलामू पुलिस के सहयोग से कई स्थानों पर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान जांच टीम ने शिक्षक संतोष कुमार सिंह और रविशंकर कुमार से जुड़े ठिकानों की तलाशी ली।
टीम ने सबसे पहले मेदिनीनगर के हामिदगंज स्थित बीएन कॉलेज के पास संतोष कुमार सिंह के आवास पर छापेमारी की। इसके बाद उनके पैतृक गांव नौडीहा बाजार स्थित घर की भी गहन तलाशी ली गई। कई घंटे तक चली इस कार्रवाई में जांच अधिकारियों ने महत्वपूर्ण दस्तावेज, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य संदिग्ध सामग्री अपने कब्जे में ली। इसी क्रम में संयुक्त टीम ने मेदिनीनगर के बारहलोटा इलाके में स्थित रविशंकर कुमार के आवास पर भी छापेमारी की। जांच एजेंसियों ने वहां से भी कई दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, जब्त किए गए दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि परीक्षा गड़बड़ी के मामले में किन-किन लोगों की भूमिका रही और नेटवर्क कितना बड़ा था। हालांकि, CID की ओर से अभी तक जब्त सामग्री या जांच के निष्कर्षों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

