
जमशेदपुर: भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के युवा मामले विभाग के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत (MY Bharat) और शहर की प्रतिष्ठित नाट्य संस्था गीता थियेटर के बीच नई साझेदारी की शुरुआत हुई। इस अवसर पर बाराद्वारी स्थित गीता थियेटर प्रेक्षागृह में आयोजित बैठक में युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने, सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में MY Bharat के जिला युवा अधिकारी मोन्टू पतर ने गीता थियेटर के युवा कलाकारों को संगठन के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और युवाओं की भागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 31 अक्टूबर 2023 को शुरू किया गया MY Bharat पोर्टल युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण मंच है।
बैठक के दौरान गीता थियेटर का MY Bharat के आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण किया गया। इसके साथ ही ‘गीता थियेटर युवा नाट्य क्लब’ का गठन किया गया। क्लब के संचालन के लिए कार्यकारिणी भी घोषित की गई, जिसमें अनंत सरदार को युवा अध्यक्ष, खुशी पांडेय को युवा उपाध्यक्ष, तम्मना राव को युवा सचिव और पीयूष ठाकुर को युवा कोषाध्यक्ष बनाया गया। वहीं आयुष चौरसिया, अमित सिंह, गंगा मंडल, ममता सिंह, सूरज पूर्ती, देवूसिंह सरदार, गीता हाथी, आकाश साव, संदीप मंडल, आकाश सरदार, जूही कौर और मोहम्मद शाहिद को सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम के दौरान सभी नव-नामित पदाधिकारियों और युवा कलाकारों ने नशामुक्त भारत और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कलाकारों ने कहा कि वे रंगमंच और कला के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने, युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और राष्ट्र निर्माण के अभियान को मजबूत करने का कार्य करेंगे। इस अवसर पर गीता थियेटर की वरिष्ठ पदाधिकारी गीता कुमारी, प्रेम दीक्षित, धनसिंह और नरेन्द्र कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने युवा टीम को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि यह पहल सामाजिक बदलाव और युवा नेतृत्व को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

