
जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डबल डाउन बार के बाहर पुलिस की मौजूदगी में हुई युवक की हत्या के मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया है। कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) पीयूष पांडेय और सरायकेला-खरसावां की पुलिस अधीक्षक (SP) निधि द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, दोनों अधिकारियों को विधि-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने तथा क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में लापरवाही बरतने के कारण हटाया गया है। हाल के दिनों में जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच यह कार्रवाई सरकार के सख्त रुख का संकेत मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चाईबासा के आयुक्त और रांची के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG) को संबंधित क्षेत्र में लगातार कैंप करने तथा प्रतिदिन कानून-व्यवस्था की समीक्षा करने का निर्देश दिया है।
इसके अलावा, कोल्हान क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) को जमशेदपुर में रहकर शहर की कानून-व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें पुलिस की कार्रवाई की नियमित समीक्षा करने और अपराध नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्पष्ट कहा है कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
