
जमशेदपुर: मानगो डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल परिसर को नशामुक्त बनाने के लिए चलाया जा रहा विशेष जांच अभियान लगातार जारी है। अस्पताल प्रशासन और होमगार्ड जवानों द्वारा मुख्य प्रवेश द्वार पर आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत शुक्रवार को एक व्यक्ति के पास से गांजा की पुड़िया बरामद की गई।
जानकारी के अनुसार, पोटका विधायक संजीव सरदार के हालिया निरीक्षण के बाद अस्पताल परिसर में नशा एवं तंबाकू उत्पादों के खिलाफ कार्रवाई और तेज कर दी गई है। शुक्रवार दोपहर जांच के दौरान होमगार्ड जवानों ने एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली, जिसमें उसके पास से गांजा की पुड़िया मिली। जवानों ने गांजा जब्त कर संबंधित व्यक्ति को कड़ी चेतावनी दी।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि कई बार मरीजों के परिजन गुटखा, खैनी, सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थ अस्पताल के भीतर ले जाने का प्रयास करते हैं, जबकि अस्पताल परिसर में इन उत्पादों के उपयोग और सेवन पर पूरी तरह प्रतिबंध है। अभियान के दौरान पहले भी कई लोगों से तंबाकू उत्पाद बरामद किए जा चुके हैं। कुछ मामलों में जुर्माना वसूला गया, जबकि कई लोगों को चेतावनी देकर छोड़ा गया।
नशे और तंबाकू उत्पादों की रोकथाम को और प्रभावी बनाने के लिए अस्पताल में महिला होमगार्ड जवानों की भी तैनाती की गई है। महिला जवान महिला आगंतुकों की जांच कर रही हैं, ताकि किसी भी प्रकार के प्रतिबंधित पदार्थ को अस्पताल परिसर में प्रवेश करने से रोका जा सके।
अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परिसर को पूरी तरह नशामुक्त बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

