
जमशेदपुर: टाटा स्टील फाउंडेशन (TSF) और अमेरिका स्थित गैर-लाभकारी संस्था सूरी सेवा फाउंडेशन (SSF) ने टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट (TSTI), बर्मामाइंस के मेधावी छात्रों को सम्मानित करने के लिए अपनी साझेदारी को अगले चार वर्षों के लिए नवीनीकृत किया है। यह समझौता अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा। इस परियोजना के लिए 18.5 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है, जिसका उद्देश्य तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे प्रतिभाशाली छात्रों को प्रोत्साहित करना और उनकी उपलब्धियों को सम्मान देना है। साल 2020 में शुरू हुई इस मेरिट अवॉर्ड पहल के तहत अब तक 33 मेधावी छात्रों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जा चुका है। यह कार्यक्रम छात्रों को पढ़ाई, अनुशासन और समग्र व्यक्तित्व विकास के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है।
नई साझेदारी के तहत सूरी सेवा फाउंडेशन हर वर्ष टीएसटीआई के मेक्ट्रॉनिक्स तथा इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स डिप्लोमा पाठ्यक्रम के सात उत्कृष्ट छात्रों को सम्मानित करेगा। इनमें प्रतिष्ठित ‘स्कॉलर ऑफ द ईयर’ पुरस्कार के अलावा दोनों शाखाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार शामिल हैं। यह सम्मान टाटा स्टील के पूर्व समर्पित कर्मचारियों सरदार निरंजन सिंह और सरदार अमरजीत सिंह की स्मृति में दिया जाता है। इस योजना की एक उल्लेखनीय लाभार्थी टीएसटीआई की पूर्व छात्रा तनिषा गौतम हैं। वर्ष 2022-25 बैच की छात्रा तनिषा वर्तमान में गुजरात के साणंद स्थित CG Semi के सेमीकंडक्टर निर्माण संयंत्र में डिप्लोमा इंजीनियर ट्रेनी के रूप में कार्यरत हैं। हाल ही में उन्हें भारत में निर्मित पहले व्यावसायिक सेमीकंडक्टर चिप के लॉन्च कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री से मिलने का अवसर भी मिला। सूरी सेवा फाउंडेशन के डायरेक्टर ऑफ ऑपरेशंस एवं बोर्ड सदस्य कुलविन सूरी ने कहा कि यह साझेदारी भविष्य के तकनीकी नेतृत्व को तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं टाटा स्टील फाउंडेशन के सीईओ सौरव रॉय ने कहा कि मेधावी छात्रों को सम्मानित करना उनके आत्मविश्वास और भविष्य को नई दिशा देने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि दोनों संस्थाएं मिलकर आने वाले वर्षों में भी छात्रों की सफलता की नई कहानियां गढ़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
