
जमशेदपुर: देश आज 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गौरव के साथ मना रहा है। जमशेदपुर के गोपाल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का माहौल देखने को मिला।उपायुक्त राजीव रंजन ने समारोह में परेड का निरीक्षण करने के बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी। ध्वजारोहण के दौरान गोपाल मैदान में मौजूद लोगों ने राष्ट्रगान के साथ देश की आजादी और वीर शहीदों को नमन किया। समारोह में विभिन्न सुरक्षा बलों एवं पुलिस जवानों की टुकड़ियों ने अनुशासित और आकर्षक परेड प्रस्तुत कर देशभक्ति की भावना को मजबूत किया।
अपने संबोधन में उपायुक्त राजीव रंजन ने स्वतंत्रता संग्राम के सभी सेनानियों, देश के महापुरुषों, वीर शहीदों और राष्ट्र निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देने वाले सभी महान व्यक्तियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने जिलेवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
उपायुक्त ने कहा कि देश की आजादी अनेक वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के योगदान को हमेशा याद रखना तथा उनके सपनों के भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
गोपाल मैदान में आयोजित समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के कर्मियों और बड़ी संख्या में शहरवासियों की मौजूदगी रही। पूरे मैदान में तिरंगा लहराता नजर आया और भारत माता के जयकारों से माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया।

