
साहिबगंज : राधानगर थाना क्षेत्र के मोहनपुर में 55 वर्षीय गौर चंद्र बागती की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके चचेरे भाई बहादुर बागती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आपसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। जांच के दौरान घटना में इस्तेमाल चाकू और घटनास्थल से एक चप्पल भी बरामद की गई है। सोमवार को एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी ने अपने कार्यालय में पत्रकारों को मामले की जानकारी दी।
सुबह 4:45 बजे मिली हत्या की सूचना
एसडीपीओ ने बताया कि रविवार सुबह लगभग 4:45 बजे राधानगर थाना पुलिस को मोहनपुर चौक के पास एक व्यक्ति की गला रेतकर हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी गौर चंद्र बागती के रूप में हुई। पुलिस ने इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई और जांच शुरू हुई।
दोस्त का इंतजार करते समय हमले का आरोप
पुलिस के अनुसार, गौर चंद्र सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। घटनास्थल के पास वे अपने दोस्त श्रीपद मंडल का इंतजार कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान बहादुर ने पीछे से उन पर चाकू से हमला किया। गौर चंद्र ने बचाव की कोशिश की और मदद के लिए आवाज भी लगाई, लेकिन आसपास के लोग स्थिति समझ पाते, उससे पहले आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया।
पूछताछ में रंजिश की बात सामने आने का दावा
जांच टीम ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बहादुर बागती को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान उसने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और इसकी वजह आपसी रंजिश बताई। हालांकि, रंजिश के विस्तृत कारण की जानकारी नहीं दी गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
अमीन का काम कर परिवार चलाते थे गौर चंद्र
गौर चंद्र बागती निजी अमीन के रूप में काम करते थे और इसी से परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी पत्नी घर में छोटी किराना दुकान चलाती हैं। परिवार में बुजुर्ग मां और एक बेटा भी है। करीब छह महीने पहले उनकी बेटी का असमय निधन हो गया था। अब गौर चंद्र की हत्या से परिवार को एक और गहरा आघात पहुंचा है।
बेटे के बयान पर दर्ज हुआ था मामला
मृतक के बेटे अमित बागती ने बताया था कि हाल के दिनों में उनके पिता का किसी से विवाद नहीं हुआ था। उनके बयान पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया था। जांच और छापेमारी में पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन, राजमहल थाना प्रभारी हसनेन अंसारी, गंगा नदी थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह तथा राधानगर थाना के संग्राम सिंह सोय सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।












