
- बैंक ऑफ बड़ौदा की गोविंदपुर शाखा से जुड़े बकाया ऋण की वसूली के लिए डीआरटी ने जारी किया शो-कॉज नोटिस, 26 फरवरी 2027 को रांची में व्यक्तिगत रूप से होना होगा पेश
जमशेदपुर : बैंक से लिया गया 22.50 लाख रुपये का कर्ज नहीं चुकाना एक कारोबारी के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। ऋण वसूली न्यायाधिकरण (डीआरटी), रांची ने मानगो निवासी कारोबारी अमित कुमार सिंह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की पहल की है। बैंक ऑफ बड़ौदा की गोविंदपुर शाखा से जुड़े बकाया ऋण की वसूली के लिए न्यायाधिकरण ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत संतोषजनक जवाब नहीं मिलने और बकाया राशि का भुगतान नहीं करने की स्थिति में उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने तथा सिविल कारागार (जेल) भेजने का प्रस्ताव है।
22.50 लाख रुपये मूलधन के साथ ब्याज भी बकाया
डीआरटी की ओर से जारी सूचना के अनुसार, अमित कुमार सिंह (पिता रामसूरत सिंह), निवासी संजय पथ, रोड नंबर-5, जयप्रकाश नगर (न्यू सुभाष कॉलोनी), डिमना रोड, मानगो को पीठासीन अधिकारी द्वारा पारित प्रमाणपत्र (ओए/203/2023) के तहत 22,50,913 रुपये की मूल राशि के साथ देय ब्याज और अन्य खर्चों का भुगतान करना है। निर्धारित राशि का भुगतान नहीं होने के बाद न्यायाधिकरण ने वसूली प्रमाणपत्र (आरसी/39/2024) के निष्पादन के तहत कार्रवाई शुरू की है।
गिरफ्तारी वारंट जारी करने का प्रस्ताव
रिकवरी ऑफिसर कार्यालय की ओर से जारी शो-कॉज नोटिस में बकायेदार के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने और उन्हें सिविल कारागार भेजने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके लिए उन्हें अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया है। नोटिस के जरिए निर्धारित तारीख पर रिकवरी ऑफिसर के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर जवाब देने का निर्देश दिया गया है। यदि उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता और बकाया राशि का भुगतान नहीं होता है, तो आगे कठोर कार्रवाई की जा सकती है।
26 फरवरी 2027 को रांची में पेशी
रिकवरी ऑफिसर की ओर से 24 सितंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, अमित कुमार सिंह को 26 फरवरी 2027 को रांची के कचहरी चौक स्थित आरआरडीए बिल्डिंग के पांचवें तल पर बने प्रगति सदन में उपस्थित होना होगा। उन्हें रिकवरी ऑफिसर के समक्ष व्यक्तिगत रूप से पेश होकर अपना पक्ष रखना है। अब इस मामले में कारोबारी की ओर से दिए जाने वाले जवाब और बकाया राशि के भुगतान पर आगे की कार्रवाई निर्भर करेगी।












