
रांची : झारखंड विधानसभा में संविधान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) और MMDR Amendment Act, 2026 को लेकर केंद्र और राज्यों के संवैधानिक अधिकारों का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने एक तरफ मतदाता सूची के शुद्धीकरण के नाम पर किसी भी पात्र नागरिक को मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किए जाने की बात कही, तो दूसरी तरफ खनिज संपदा पर राज्यों के वित्तीय अधिकार सीमित होने से झारखंड को होने वाली संभावित राजस्व हानि का सवाल उठाया। मुख्यमंत्री ने सदन में अपने आकलन के आधार पर बताया कि अगले दस वर्षों में राज्य को करीब 2 लाख 56 हजार करोड़ रुपये के संभावित राजस्व से वंचित होना पड़ सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार से MMDR Amendment Act, 2026 पर पुनर्विचार अथवा इसे वापस लेने का अनुरोध करने का प्रस्ताव रखा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान ने सत्ता का अंतिम स्रोत किसी सरकार, दल, पदाधिकारी या संस्था को नहीं, बल्कि भारत के लोगों को माना है। इसलिए आज की चर्चा केवल दो सरकारी विषयों SIR और MMDR संशोधन तक सीमित नहीं है। असली सवाल यह है कि लोकतंत्र में नागरिकों की राजनीतिक भागीदारी और संघीय व्यवस्था में राज्यों की संवैधानिक एवं वित्तीय स्वतंत्रता कितनी सुरक्षित है।
63 लाख नागरिकों पर 315 करोड़ रुपये का बोझ!
SIR पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धीकरण जरूरी है। मृत व्यक्तियों के नाम हटने चाहिए, एक व्यक्ति की दोहरी प्रविष्टि नहीं रहनी चाहिए और जो व्यक्ति कानूनन पात्र नहीं हैं, उनका नाम सूची में नहीं होना चाहिए। लेकिन किसी भी पात्र भारतीय नागरिक को प्रक्रिया की जटिलता, दस्तावेजों की कमी, नाम की वर्तनी में अंतर, उम्र की प्रविष्टि, तकनीकी गड़बड़ी या गलत आपत्ति के कारण मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में शामिल होना केवल मतदान के दिन उंगली पर स्याही लगाने का अधिकार नहीं है। यह निष्पक्षता के साथ प्रक्रिया में शामिल होने, उचित सुनवाई और प्रशासनिक गलती के कारण लोकतांत्रिक भागीदारी से बाहर नहीं किए जाने का अधिकार भी है।
मुख्यमंत्री ने झारखंड की सामाजिक और भौगोलिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में संथाली, मुंडारी, हो, कुड़ुख, खड़िया, नागपुरी और खोरठा जैसी भाषाएं प्रचलित हैं। एक ही नाम अलग-अलग दस्तावेजों में अलग वर्तनी से लिखा मिल सकता है। कई बुजुर्गों के पास जन्म प्रमाणपत्र नहीं हैं। विवाह के बाद महिलाओं के नाम और पते बदल जाते हैं। वहीं, प्रवासी मजदूर हजारों किलोमीटर दूर रोजगार करते हैं और कई आदिवासी परिवार पहाड़, जंगल तथा दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहते हैं।
मुख्यमंत्री के आकलन के अनुसार, लगभग 63 लाख नागरिकों के लिए प्रति व्यक्ति औसतन 500 रुपये की मजदूरी, यात्रा, दस्तावेज और समय की लागत मानी जाए तो करीब 315 करोड़ रुपये का बोझ बनता है। उन्होंने बताया कि उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार करीब दो लाख Form-7 आवेदन डिजिटाइज किए जा चुके हैं। गढ़वा, गोड्डा, गिरिडीह और चतरा सहित कुछ जिलों से Form-7 के दुरुपयोग की शिकायतें भी सामने आई हैं। ऐसे सभी आवेदनों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
चुनाव आयोग की नियुक्ति और जवाबदेही पर सवाल
मुख्यमंत्री ने निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की नियुक्ति प्रक्रिया में व्यापक संस्थागत संतुलन और स्वतंत्र प्रतिनिधित्व की जरूरत भी उठाई। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त एवं अन्य निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति से संबंधित 2023 के कानून की समीक्षा पर राष्ट्रीय चर्चा की आवश्यकता बताई।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या चयन समिति में भारत के मुख्य न्यायाधीश अथवा किसी अन्य स्वतंत्र संवैधानिक प्रतिनिधि को शामिल करने की व्यवस्था लोकतांत्रिक विश्वास को और मजबूत नहीं कर सकती?
मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को दुर्भावनापूर्ण मुकदमों से सुरक्षा मिलनी चाहिए। यह संस्थागत स्वतंत्रता के लिए जरूरी हो सकता है, लेकिन गंभीर कदाचार, सत्ता के दुरुपयोग या संवैधानिक दायित्वों के उल्लंघन के आरोपों की स्वतंत्र और प्रभावी जांच के लिए भी पर्याप्त जवाबदेही तंत्र होना चाहिए। कोई पद इतना असुरक्षित नहीं होना चाहिए कि सत्ता उसे दबा सके और कोई पद इतना निरंकुश भी नहीं होना चाहिए कि जनता उससे सवाल ही न पूछ सके।
2.56 लाख करोड़ रुपये के संभावित राजस्व का मुद्दा
MMDR Amendment Act, 2026 पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने संविधान की सातवीं अनुसूची का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रविष्टि 49 के तहत भूमि और भवनों पर कर लगाने तथा प्रविष्टि 50 के तहत खनिज अधिकारों पर कर लगाने की शक्ति राज्यों को दी गई है।
उन्होंने 25 जुलाई 2024 को सुप्रीम कोर्ट की नौ सदस्यीय संविधान पीठ के ऐतिहासिक फैसले का उल्लेख करते हुए कहा कि खनिज अधिकारों पर कर लगाने की राज्यों की संवैधानिक शक्ति को लेकर इस निर्णय से झारखंड जैसे खनिज उत्पादक राज्यों में नई उम्मीद जगी थी। दशकों से अपने संसाधनों के अनुरूप आर्थिक अधिकारों की मांग कर रहे राज्यों को लगा था कि अब विकास के लिए अतिरिक्त संसाधन जुटाने का अवसर मिलेगा।
लेकिन मुख्यमंत्री के अनुसार, इसके बाद खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम यानी MMDR Act में किए गए संशोधनों से राज्यों की खनिज अधिकारों पर कर एवं उपकर लगाने की शक्तियों के सीमित होने का गंभीर प्रश्न खड़ा हुआ है।
मुख्यमंत्री के आकलन के मुताबिक, अगले दस वर्षों में झारखंड से लगभग 2,100 मिलियन टन यानी 210 करोड़ टन खनिज निकाले जाने का अनुमान है। यदि खनिजों पर कर और उपकर लगाने का राज्य का अधिकार बना रहता तो इस अवधि में झारखंड को करीब 2 लाख 56 हजार करोड़ रुपये का संभावित राजस्व प्राप्त हो सकता था।
उन्होंने कहा कि यह राशि केवल सरकारी खजाने में आने वाला पैसा नहीं है। यह अबुआ आवास, सर्वजन पेंशन, मंइयां सम्मान योजना, स्कूल, अस्पताल, सड़क, सिंचाई, छात्रवृत्ति, ग्रामीण विकास और पिछड़े क्षेत्रों के भविष्य से जुड़ी है। राज्य की अपनी आय घटेगी तो जनकल्याण और विकास योजनाओं के लिए उपलब्ध वित्तीय संसाधनों पर भी दबाव पड़ेगा।
पांच साल में खनिज राजस्व 286 प्रतिशत बढ़ने का दावा
मुख्यमंत्री ने सदन में झारखंड के खनिज राजस्व से जुड़े आंकड़े भी रखे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 में राज्य का खनिज राजस्व 4,888 करोड़ रुपये था, जो वित्तीय वर्ष 2025-26 में बढ़कर 18,844 करोड़ रुपये हो गया।
उन्होंने अलग-अलग खनिजों से प्राप्त राजस्व में हुई वृद्धि का ब्योरा देते हुए बताया कि कोयले से मिलने वाला राजस्व 3,039 करोड़ रुपये से बढ़कर 10,200 करोड़ रुपये हो गया। लौह अयस्क से प्राप्त राजस्व 989 करोड़ रुपये से बढ़कर 5,100 करोड़ रुपये, बॉक्साइट से 110 करोड़ रुपये से बढ़कर 650 करोड़ रुपये और अन्य खनिजों से मिलने वाला राजस्व 685 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,450 करोड़ रुपये हो गया।
मुख्यमंत्री के अनुसार, इस अवधि में खनिज उत्पादन में लगभग 35 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि खनिज राजस्व में करीब 286 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल अधिक खनन से हासिल नहीं हुई, बल्कि राजस्व की चोरी और रिसाव रोकने, प्रशासनिक व्यवस्था बेहतर बनाने तथा राज्य के संवैधानिक अधिकारों का प्रभावी उपयोग करने से भी संभव हुई है।
दो लाख एकड़ से अधिक जमीन और विस्थापन का सवाल
मुख्यमंत्री ने सदन में झारखंड की जमीन और खनन से जुड़े सामाजिक पक्ष को भी सामने रखा। उन्होंने बताया कि राज्य की लगभग 42 हजार एकड़ वनभूमि, 95 हजार एकड़ रैयती भूमि और 66 हजार एकड़ सरकारी गैर-मजरुआ भूमि कंपनियों के पास है। कुल मिलाकर यह करीब दो लाख तीन हजार एकड़ जमीन होती है।
उन्होंने कहा कि इन जमीनों को केवल एकड़ में नहीं देखा जाना चाहिए। इनसे लोगों का इतिहास, आजीविका, संस्कृति, परंपरा और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य जुड़ा है। खनन के लिए लोगों ने अपनी जमीन दी, अपने घर छोड़े, विस्थापन का दर्द सहा और पर्यावरणीय क्षति का सामना किया। ऐसे में खनिज संपदा से होने वाले आर्थिक लाभ में राज्य और प्रभावित समुदायों की न्यायपूर्ण हिस्सेदारी सुनिश्चित होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खनिज संपदा असीमित नहीं है। कोयला, लौह अयस्क और अन्य खनिज एक बार समाप्त हो जाने के बाद वापस नहीं लाए जा सकते। एक दिन खदानें खाली हो जाएंगी, लेकिन झारखंड की जनता यहीं रहेगी। इसलिए आज मिलने वाली आय को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार, आधारभूत संरचना और मानव संसाधन के विकास में निवेश करना जरूरी है।
बिरसा की धरती पर जल, जंगल, जमीन के अधिकार की बात
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की कहानी केवल खनिज की कहानी नहीं, बल्कि संघर्ष की कहानी है। यह भगवान बिरसा मुंडा की उलगुलान की धरती है। यह सिद्धो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, तिलका मांझी, नीलांबर-पीतांबर, शेख भिखारी और अनगिनत शहीदों की धरती है। यह दिशोम गुरु शिबू सोरेन और झारखंड आंदोलन के हजारों कार्यकर्ताओं के संघर्ष की कहानी भी है।
उन्होंने कहा कि झारखंड अलग राज्य केवल नक्शे पर नई सीमा बनाने के लिए नहीं बना था। झारखंड आंदोलन के केंद्र में एक बड़ा सवाल था कि यहां के लोगों के जल, जंगल, जमीन और संसाधनों पर उनका न्यायपूर्ण अधिकार कैसे सुनिश्चित हो।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि झारखंड भारत के विरोध में अपने अधिकारों की मांग नहीं कर रहा है, बल्कि भारत के संविधान के भीतर अपने अधिकारों की रक्षा की बात कर रहा है। झारखंड भारत है और राज्य की ताकत भारत की ताकत है। लेकिन सहकारी संघवाद का अर्थ यह नहीं हो सकता कि संसाधन स्थानीय हों, नुकसान स्थानीय हो और लाभ लगातार राज्य से दूर होता चला जाए।
सत्ता पक्ष और विपक्ष से एकजुट होने की अपील
मुख्यमंत्री ने सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों से आग्रह किया कि इन संवैधानिक और आर्थिक सवालों को किसी एक राजनीतिक दल के चश्मे से नहीं देखा जाए। आज जो सत्ता में है, कल वहां कोई दूसरा हो सकता है। सरकारें आती हैं और जाती हैं, लेकिन राज्य और उसकी जनता बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि राज्य को ऐसी संघीय व्यवस्था चाहिए जिसमें केंद्र मजबूत हो, लेकिन राज्यों को कमजोर करके नहीं। ऐसा विकास चाहिए जिसमें उद्योग आगे बढ़ें, लेकिन आदिवासी और स्थानीय समाज पीछे न छूटें। ऐसी निर्वाचन व्यवस्था चाहिए जिस पर हारने वाला भी विश्वास कर सके और ऐसी संवैधानिक संस्थाएं चाहिए जिनकी स्वतंत्रता पर अनावश्यक संदेह पैदा न हो।
सदन से दो अहम संकल्पों के समर्थन की अपील
मुख्यमंत्री ने SIR की प्रक्रिया को लेकर व्यापक संवैधानिक आग्रह रखते हुए कहा कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम अंतिम मतदाता सूची से हटाने से पहले स्पष्ट कारण, उचित नोटिस, वास्तविक सुनवाई और प्रभावी अपील का अवसर सुनिश्चित होना चाहिए। तकनीकी विसंगति को नागरिक की अपात्रता नहीं माना जाना चाहिए। Form-7 के दुरुपयोग के प्रत्येक प्रमाणित मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, चाहे आरोप किसी भी राजनीतिक दल से जुड़े व्यक्ति पर हो।
उन्होंने निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति से संबंधित 2023 के कानून की समीक्षा पर राष्ट्रीय चर्चा की जरूरत बताई, ताकि चयन प्रक्रिया में कार्यपालिका से इतर स्वतंत्र संस्थागत भागीदारी को मजबूत करने के विकल्पों पर विचार हो सके।
MMDR के विषय में मुख्यमंत्री ने सदन के सामने प्रस्तुत राज्य सरकार के आधिकारिक संकल्प संख्या 2671, दिनांक 23 नवंबर 2026 का उल्लेख किया। उन्होंने इसे सर्वसम्मति से पारित कर केंद्र सरकार को भेजने की अपील की, ताकि 2026 के संशोधन के संघीय और वित्तीय प्रभाव पर पुनर्विचार हो तथा झारखंड जैसे खनिज उत्पादक राज्यों और खनन प्रभावित समुदायों के हित सुरक्षित रहें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड कोई विशेष कृपा या रियायत नहीं मांग रहा है। राज्य अपने संवैधानिक अधिकारों, संसाधनों में न्यायपूर्ण हिस्सेदारी और अपनी जनता के विकास के समान अवसरों की रक्षा की मांग कर रहा है।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा तब होती है, जब गरीब का वोट सुरक्षित होता है, आदिवासी महिला को अपनी पहचान बार-बार साबित नहीं करनी पड़ती, संवैधानिक संस्थाएं स्वतंत्र रहती हैं, राज्यों का सम्मान होता है और विकास का लाभ उस धरती तक पहुंचता है जहां से देश की संपदा निकलती है।
उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि संस्थाओं को इतना मजबूत बनाने के लिए है कि कोई सरकार उन्हें अपना औजार न बना सके। उनकी प्रतिबद्धता संविधान, झारखंड की जनता और उस लोकतंत्र से है, जिसमें सबसे कमजोर नागरिक की आवाज भी उतनी ही मूल्यवान है जितनी सबसे शक्तिशाली व्यक्ति की।
अंत में मुख्यमंत्री ने सदन से अपील की कि जिस तरह SIR पर नागरिकों के मताधिकार को लेकर आवाज उठाई गई, उसी तरह झारखंड के वित्तीय और संघीय अधिकारों के सवाल पर भी सभी सदस्य एकजुट होकर प्रस्तुत संकल्प का समर्थन करें।












