
- बाइक से करतब दिखाने, तेज रफ्तार और बेतरतीब पार्किंग पर जुर्माने की चेतावनी
- बच्चों की जेब में रखें नाम-पता और मोबाइल नंबर की पर्ची, अफवाह फैलाने वालों से सतर्क रहने की अपील
जमशेदपुर : दुर्गा पूजा महोत्सव-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूजा के दौरान हुड़दंग, नशे का सेवन कर पंडालों में पहुंचने, बाइक से करतब दिखाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने से बचें। बाइक पर क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, तेज रफ्तार से वाहन चलाने, प्रेशर हॉर्न बजाने और बेतरतीब पार्किंग करने पर जुर्माना लगाया जा सकता है। प्रशासन ने पूजा समितियों, आयोजकों और श्रद्धालुओं से नियमों का पालन करने तथा पुलिस और प्रशासन को सहयोग देने की अपील की है।
बच्चों की सुरक्षा का रखें ध्यान
पूजा के दौरान पंडालों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए अभिभावकों से विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। बच्चों के पॉकेट में उनका नाम, घर का पता और अभिभावकों का मोबाइल नंबर लिखी पर्ची रखने की सलाह दी गई है। श्रद्धालुओं से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में कीमती गहने और अन्य सामान लेकर जाने से परहेज करने की अपील की गई है। सड़कों, प्रवेश द्वारों और आपातकालीन मार्गों पर भीड़ लगाकर आवागमन बाधित नहीं करने का निर्देश दिया गया है।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने से बचें
जिला प्रशासन ने सोशल मीडिया के जिम्मेदार इस्तेमाल पर भी जोर दिया है। किसी भी भ्रामक, भड़काऊ या अपुष्ट संदेश को साझा नहीं करने की अपील की गई है। ऐसी पोस्ट की जानकारी नजदीकी थाने को देने को कहा गया है। प्रशासन ने किसी धर्म, समुदाय या व्यक्ति विशेष की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले गानों के इस्तेमाल से बचने की भी सलाह दी है, ताकि सामाजिक सौहार्द बना रहे।
संदिग्ध वस्तु दिखे तो पुलिस को दें सूचना
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु को देखने पर तत्काल स्थानीय पुलिस या मजिस्ट्रेट को सूचना दें। ऐसी वस्तुओं को छूने से बचें। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, रिहायशी कॉलोनियों और अस्पतालों के आसपास आतिशबाजी या पटाखे नहीं जलाने की सलाह दी गई है। आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य में जुटे कर्मियों को सहयोग करने को कहा गया है।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
जिला प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
- जिला नियंत्रण कक्ष: 0657-2440111, 0657-2221718, 0657-22221717
- फायर ब्रिगेड: 0657-2431036
- एम्बुलेंस सेवा: 108
- पुलिस आपातकालीन नंबर: 100
जिला प्रशासन ने पूजा समितियों और आयोजकों से भीड़ प्रबंधन के लिए वॉलंटियर की मदद लेने तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि सभी के सहयोग से दुर्गा पूजा को सुरक्षित, स्वच्छ और शांतिपूर्ण बनाया जा सकता है।











