
- न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान, सांसद विद्युत महतो, डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी और आभा महतो ने रखे विचार
जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर की ओर से गुरुवार को साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में 12वां संविधान गौरव दिवस मनाया गया। जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा लोकतांत्रिक आदर्शों को अपने आचरण में उतारने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सांसद विद्युत वरण महतो, झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी और प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद आभा महतो समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत संविधान के प्रमुख शिल्पकार भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद वक्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना में शामिल न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के सिद्धांतों को भारतीय लोकतंत्र की मजबूती का आधार बताया।
संविधान लोकतंत्र की आत्मा, राष्ट्रीय एकता का आधार : दिनेशानंद गोस्वामी
मुख्य वक्ता डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन व्यवस्था का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र की आत्मा और राष्ट्रीय एकता का मजबूत आधार है। यह प्रत्येक नागरिक के अधिकारों और कर्तव्यों का संरक्षण करता है। संविधान सभा के सदस्यों ने व्यापक विचार-विमर्श और राष्ट्रहित को ध्यान में रखकर इसकी रचना की थी। उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों को केवल पढ़ने तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इन्हें अपने जीवन और व्यवहार में भी अपनाना चाहिए।
अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी रहें जागरूक : विद्युत महतो
सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि भारतीय संविधान ने देश के हर नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और आगे बढ़ने के अवसर दिए हैं। महिलाओं के अधिकार, सामाजिक न्याय और समानता से जुड़ी संवैधानिक व्यवस्थाएं समावेशी भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गरीबों, वंचितों, शोषितों, महिलाओं और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के सशक्तीकरण के लिए काम कर रही है। उन्होंने नागरिकों से अपने अधिकारों के साथ संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति भी जिम्मेदार रहने की अपील की।
संविधान ने विविधताओं को एकता के सूत्र में बांधा : आभा महतो
प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद आभा महतो ने कहा कि भारतीय संविधान देश की राष्ट्रीय अस्मिता, लोकतांत्रिक व्यवस्था और अखंडता का आधार स्तंभ है। भारत जैसे विविधताओं वाले देश को एकता के सूत्र में बांधने में संविधान की अहम भूमिका रही है। संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार देता है। इसकी मूल भावना और आदर्शों की रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
नई पीढ़ी को संविधान के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने पर जोर
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि पार्टी संविधान की मर्यादा, उसकी मूल भावना और लोकतांत्रिक संस्थाओं के सम्मान के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया, ताकि नई पीढ़ी संविधान के निर्माण, संविधान निर्माताओं के योगदान और नागरिकों के संवैधानिक कर्तव्यों से परिचित हो सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संविधान के आदर्शों को समाज के बीच पहुंचाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
ये रहे मौजूद: कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, बिनोद सिंह, मनोज सिंह, कुलवंत सिंह बंटी, मिथिलेश सिंह यादव, संजीव सिंह, बबुआ सिंह, रूबी झा, अमरजीत सिंह राजा, राजीव सिंह, अखिल सिंह, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष परेश मुखी, रमेश बास्के, पीके करवा, शंभूराम, राकेश मुखी, दिलीप पासवान, सतीश मुखी, संजय पासवान सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष और पार्टी के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।












