
जमशेदपुर : सरकारी कार्यालयों में समय पर कामकाज शुरू कराने और आम लोगों को परेशानी से बचाने के लिए प्रशासनिक निर्देश जारी होते रहते हैं, लेकिन जमशेदपुर के रजिस्ट्री ऑफिस की तस्वीर इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। यहां रजिस्ट्रार के निर्धारित समय पर कार्यालय नहीं पहुंचने से जमीन-जायदाद की रजिस्ट्री समेत अन्य जरूरी काम कराने आने वाले लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि रजिस्ट्रार की अनुपस्थिति में शादी से जुड़ी महत्वपूर्ण प्रक्रिया भी कंप्यूटर ऑपरेटर के माध्यम से पूरी कराई जाती दिखी। इस पूरे मामले ने कार्यालय की कार्यप्रणाली और मैरिज एक्ट के तहत निर्धारित प्रक्रिया के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सुबह 10 बजे का समय, दोपहर एक बजे पहुंच रहे रजिस्ट्रार
सरकारी कार्यालयों के लिए निर्धारित समय सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक है। इसके बावजूद आवेदकों का आरोप है कि रजिस्ट्री ऑफिस में रजिस्ट्रार नियमित रूप से समय पर नहीं पहुंचते हैं। कई बार उन्हें दोपहर करीब एक बजे कार्यालय पहुंचते देखा गया है। गुरुवार को भी रजिस्ट्रार इसी समय के आसपास कार्यालय पहुंचे। इस दौरान दूर-दराज से जमीन की रजिस्ट्री और अन्य जरूरी काम कराने पहुंचे लोग कार्यालय परिसर में बैठकर इंतजार करते रहे। इससे उनका समय और संसाधन दोनों बर्बाद हो रहे हैं।
रजिस्ट्रार की कुर्सी खाली, कंप्यूटर ऑपरेटर दिला रहे शपथ
मामले का दूसरा पहलू और भी गंभीर है। रजिस्ट्रार की अनुपस्थिति में इजलास में कंप्यूटर ऑपरेटर बैठकर शादी से संबंधित शपथ दिलाते दिखाई दिए। सवाल यह है कि जब शादी की शपथ दिलाने और उससे जुड़ी अधिकृत प्रक्रिया पूरी कराने की जिम्मेदारी रजिस्ट्रार की है, तो उनकी गैरमौजूदगी में यह काम कौन और किस अधिकार से कर रहा था? क्या संबंधित कंप्यूटर ऑपरेटर को इस प्रक्रिया के लिए अधिकृत किया गया है? यदि हां, तो इसका विभागीय आदेश क्या है? इन सवालों का जवाब मिलना जरूरी है।
सीसीटीवी फुटेज से सामने आ सकती है पूरी हकीकत
रजिस्ट्री ऑफिस में रजिस्ट्रार के कक्ष से लेकर इजलास और परिसर के विभिन्न हिस्सों में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। ऐसे में कार्यालय में रजिस्ट्रार के आने-जाने का वास्तविक समय और उनकी अनुपस्थिति में इजलास में होने वाली गतिविधियों की जांच फुटेज के माध्यम से की जा सकती है। आरोप है कि रजिस्ट्रार के कार्यालय पहुंचने का समय अक्सर दोपहर एक बजे के आसपास रहता है। गुरुवार को भी ऐसा ही हुआ। इसका वीडियो भी मौजूद है।
रजिस्ट्रार ने स्वीकार की कभी-कभी देरी
इस संबंध में रजिस्ट्रार से पूछा गया कि वे कार्यालय में इतनी देर से क्यों पहुंचते हैं? इस पर उन्होंने कहा कि वे हमेशा देर से नहीं आते हैं। कभी-कभी ऐसा होता है, लेकिन रोजाना नहीं। वहीं, उनकी अनुपस्थिति में कंप्यूटर ऑपरेटर द्वारा शादी की शपथ दिलाए जाने के सवाल पर रजिस्ट्रार ने कहा कि शपथ दिलाने का अधिकार उनका ही है। शादी की शपथ और उससे संबंधित प्रक्रिया में अंतिम हस्ताक्षर भी वही करते हैं।
जांच के दायरे में कई सवाल
पूरे मामले में अब यह स्पष्ट होना जरूरी है कि रजिस्ट्रार की अनुपस्थिति में कंप्यूटर ऑपरेटर द्वारा शपथ दिलाने की प्रक्रिया विभागीय नियमों के अनुरूप थी या नहीं। क्या इसके लिए कोई लिखित प्राधिकरण जारी किया गया है? क्या संबंधित प्रक्रिया के दौरान रजिस्ट्रार की मौजूदगी अनिवार्य है? साथ ही, कार्यालय में निर्धारित समय पर अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी किसकी है? इन बिंदुओं पर विभागीय जांच और सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा से स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
अब सवाल यह है कि सरकारी कार्यालय में आम लोगों को समय पर सेवा देने की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारी ही यदि निर्धारित समय पर उपलब्ध नहीं होंगे, तो जवाबदेही किसकी तय होगी?












