
- डीएसपी ने कहा- कारोबार बढ़ाने में करें ऋण के पैसे का इस्तेमाल
जमशेदपुर : महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्वावलंबी झारखंड माइक्रोवेलफेयर डेवलपमेंट सेंटर (एसजेएमडीसी) की ओर से शनिवार को बिष्टुपुर स्थित कार्यालय में ऋण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 25 महिलाओं के बीच कुल आठ लाख रुपये का लघु ऋण वितरित किया गया। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को अपना रोजगार शुरू करने और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए आर्थिक सहयोग देना है।
कारोबार बढ़ाने में करें राशि का इस्तेमाल
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) नीरज कुमार ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एसजेएमडीसी की पहल सराहनीय है। इससे महिलाएं अपना व्यवसाय शुरू कर सकेंगी और अपनी आमदनी से परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में योगदान देंगी। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि ऋण के रूप में मिली राशि का इस्तेमाल घरेलू खर्चों के बजाय व्यवसाय और स्वरोजगार को बढ़ावा देने में करें। इससे उनके लिए आय का स्थायी स्रोत विकसित हो सकेगा।
15 वर्षों से चल रही पहल
खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के पूर्व सदस्य मनोज कुमार सिंह ने कहा कि स्वदेशी जागरण मंच की ओर से संचालित इस प्रकल्प को 15 वर्ष पूरे हो चुके हैं। महिलाओं के निरंतर सहयोग और सहभागिता से यह योजना आगे बढ़ रही है। उन्होंने ऋण प्राप्त करने वाली महिलाओं से समय पर राशि लौटाने की अपील की, ताकि योजना का लाभ आगे भी जरूरतमंद महिलाओं तक पहुंचाया जा सके।
महिलाओं को दी शुभकामनाएं
स्वावलंबी झारखंड के निदेशक मुरलीधर केडिया ने ऋण प्राप्त करने वाली महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्वागत भाषण एसजेएमडीसी के निदेशक अशोक गोयल ने किया। कार्यक्रम का संचालन स्वदेशी जागरण मंच के झारखंड प्रांत के प्रचार-प्रसार प्रमुख अमित मिश्रा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला संयोजक राजपति देवी ने किया।
इस अवसर पर कौशल किशोर, देव मुखर्जी, घनश्याम दास, मुकेश कुमार, अमित कुमार, विनय शर्मा, रमेश कुमार सिंह और देव कुमार सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।












