
- एंजियोग्राफी और हार्ट की गंभीर बीमारियों के इलाज की मिलेगी सुविधा
- नये भवन में शिफ्ट होंगे नेत्र रोग, ईएनटी और चर्मरोग विभाग
जमशेदपुर : एमजीएम अस्पताल में अब हृदय रोगियों को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। अस्पताल के छठे तल्ले पर जल्द ही कैथ लैब की सुविधा शुरू करने की तैयारी है। इसके शुरू होने से हार्ट के मरीजों की कोरोनरी एंजियोग्राफी और हृदय की धमनियों में ब्लॉकेज से संबंधित इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी उपचार संभव हो सकेगा। इससे पूर्वी सिंहभूम के साथ पूरे कोल्हान प्रमंडल और आसपास के बंगाल व ओडिशा से आने वाले मरीजों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
कैथ लैब के लिए अस्पताल के छठे तल्ले को उपयुक्त माना गया है। यहां ऑक्सीजन, आइसीयू, ऑपरेशन थिएटर और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। ऐसे में हृदय रोगियों की जांच और उपचार के दौरान आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना आसान होगा। फिलहाल एमजीएम अस्पताल में हार्ट रोग से संबंधित ओपीडी संचालित होती है। गंभीर मरीजों की जांच के बाद बेहतर उपचार के लिए रिम्स रेफर करना पड़ता है।
भवन निर्माण विभाग और आर्किटेक्ट की टीम ने किया निरीक्षण
कैथ लैब भवन में नेत्र रोग, ईएनटी और चर्मरोग विभाग को शिफ्ट करने की योजना भी बनायी जा रही है। इसे लेकर शुक्रवार को भवन निर्माण विभाग और आर्किटेक्ट की टीम ने अस्पताल परिसर स्थित नये भवन का निरीक्षण किया। टीम ने अस्पताल के अधीक्षक और प्राचार्य से भी बातचीत की। निरीक्षण के दौरान भवन में तीनों विभागों को संचालित करने के लिए जरूरी सुविधाओं और निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया गया।
लिफ्ट से लेकर बिजली तक की कमियां दूर करने का निर्देश
निरीक्षण में टीम को भवन में कई कमियां मिलीं। इसमें लिफ्ट की अनुपलब्धता, डॉक्टरों के कमरे और दूसरे तल्ले पर टाइल्स नहीं होना तथा कई जगह बिजली के तार खुले रहना शामिल है। इसके अलावा डॉक्टरों के कमरे और मरीजों के बैठने के लिए हॉल तैयार करने का काम भी बाकी है। टीम ने इन सभी कमियों को जल्द दूर करने और तीनों विभागों की जरूरत के अनुसार आवश्यक सुविधाएं विकसित करने का निर्देश दिया।
गंभीर मरीजों को नहीं जाना पड़ेगा रिम्स
एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने बताया कि फिलहाल अस्पताल में हृदय रोग से संबंधित ओपीडी की सुविधा है। गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए रिम्स भेजना पड़ता है। छठे तल्ले पर कैथ लैब शुरू होने से मरीजों को अस्पताल में ही बेहतर हृदय चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। इसके माध्यम से कोरोनरी एंजियोग्राफी और धमनियों में ब्लॉकेज से संबंधित उपचार भी संभव हो सकेगा। इससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के मरीजों को सरकारी दर पर इलाज की सुविधा मिलने की उम्मीद है।












