
- उच्च शिक्षा विभाग ने विश्वविद्यालयों को अपार आइडी अपलोड करने का दिया निर्देश, सत्यापित आइडी के बिना चांसलर पोर्टल से नामांकन लेने वाले विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन अटका
- नौ सरकारी विश्वविद्यालयों में 1.74 लाख नामांकित विद्यार्थियों में से 80,519 की अपार आइडी लंबित, क्रेडिट ट्रांसफर और डिजिटल शैक्षणिक रिकॉर्ड में भी हो सकती है परेशानी
रांची : झारखंड के सरकारी विश्वविद्यालयों और अंगीभूत कॉलेजों में हजारों विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन अपार आइडी के फेर में फंस गया है। राज्य के नौ सरकारी विश्वविद्यालयों में कुल 1,74,121 विद्यार्थियों ने नामांकन लिया है। इनमें से 80,519 विद्यार्थियों की अपार आइडी अब तक लंबित है। सत्यापित अपार आइडी उपलब्ध नहीं होने या विश्वविद्यालयों की ओर से इसे पोर्टल पर अपलोड नहीं किए जाने के कारण संबंधित विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन प्रभावित हो रहा है। इस स्थिति को लेकर राज्य सरकार का उच्च शिक्षा विभाग गंभीर है। विभाग ने विश्वविद्यालयों को लंबित अपार आइडी जल्द अपलोड करने का निर्देश दिया है।
दरअसल, अब चांसलर पोर्टल के माध्यम से नामांकन लेने वाले विद्यार्थियों के लिए सत्यापित अपार आइडी देना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके बिना रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करने में परेशानी आ रही है। अपार आइडी यानी ऑटोमेटेड परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्ट्री विद्यार्थियों की 12 अंकों की विशिष्ट डिजिटल शैक्षणिक पहचान है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों के शैक्षणिक रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखा जाता है। साथ ही क्रेडिट ट्रांसफर और एक संस्थान से दूसरे संस्थान में शैक्षणिक रिकॉर्ड के हस्तांतरण में भी इसका उपयोग होता है।
विभावि और रांची विश्वविद्यालय में सबसे अधिक लंबित मामले
आंकड़ों के अनुसार, लंबित अपार आइडी के मामले में विनोबा भावे विश्वविद्यालय और रांची विश्वविद्यालय की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक है। विभावि में 46,686 विद्यार्थियों ने नामांकन लिया है। इनमें 19,063 विद्यार्थियों की आइडी सत्यापित है, जबकि 27,623 की आइडी लंबित है। इसी तरह रांची विश्वविद्यालय में 35,176 नामांकित विद्यार्थियों में से 13,910 की आइडी सत्यापित हुई है और 21,266 विद्यार्थियों की आइडी लंबित है।
बीबीएमकेयू में 27,719 विद्यार्थियों में से 10,383 की आइडी लंबित है। वहीं एसकेएमयू में 18,061 विद्यार्थियों में से 11,127 की आइडी सत्यापित नहीं हुई है। कोल्हान विश्वविद्यालय में 29,586 विद्यार्थियों ने नामांकन लिया है। इनमें 23,084 की आइडी सत्यापित है, जबकि 6,502 लंबित हैं।
जमशेदपुर वीमेंस विवि में भी छह हजार से अधिक आइडी लंबित
जमशेदपुर वीमेंस विश्वविद्यालय में भी अपार आइडी का मामला सामने आया है। यहां कुल 16,907 विद्यार्थियों ने नामांकन लिया है। इनमें 10,743 विद्यार्थियों की आइडी सत्यापित हो चुकी है, जबकि 6,164 की आइडी लंबित है। डीएसपीएमयू में 2,195 विद्यार्थियों में से 349, रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय में 3,542 में से 229 और प्रभात नॉलेज विश्वविद्यालय में 249 में से 116 विद्यार्थियों की आइडी लंबित है। एनपीयू में 6,934 विद्यार्थियों में से 6,502 की आइडी सत्यापित हो चुकी है।
डिजिटल रिकॉर्ड और क्रेडिट ट्रांसफर में होगी परेशानी
अपार आइडी का उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक रिकॉर्ड को एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित रखना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों के अकादमिक क्रेडिट को डिजिटल रूप से दर्ज किया जाता है। आइडी नहीं होने पर क्रेडिट ट्रांसफर, शैक्षणिक रिकॉर्ड के सत्यापन और भविष्य में संस्थान बदलने की प्रक्रिया में परेशानी हो सकती है। ऐसे में विश्वविद्यालयों में लंबित मामलों का जल्द निपटारा जरूरी है।
ऐसे बनवाएं अपार आइडी
विद्यार्थी डिजिलॉकर की वेबसाइट या मोबाइल एप पर जाकर अपने मोबाइल नंबर से लॉगिन या नया रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके बाद आधार के माध्यम से पहचान का प्रमाणीकरण करना होगा। एजुकेशन सेक्शन में जाकर एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट या अपार आइडी का विकल्प चुनना होगा। वहां शैक्षणिक विवरण, कॉलेज का नाम और रोल नंबर भरकर प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आइडी जनरेट होने के बाद उसे डाउनलोड कर संबंधित कॉलेज या विश्वविद्यालय में जमा करना होगा।












