
जमशेदपुर : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर के शोधार्थी निवेदन महतो ने शोध के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने 19 नवंबर को अपने शोध प्रबंध का सफलतापूर्वक मौखिक प्रतिरक्षण (वाइवा-वॉइस) प्रस्तुत किया। इसके बाद उन्हें डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (Ph.D.) की उपाधि प्रदान की गई। उनका शोध एडवांस्ड ग्रेडेड कंपोजिट कोरुगेटेड स्ट्रक्चर के थर्मो-स्ट्रक्चरल प्रदर्शन पर केंद्रित रहा।
निवेदन महतो की थीसिस का शीर्षक ‘Thermo-Structural Performance of n-Directional Graded Composite Corrugated Structures’ है। इस शोध में उन्नत कंपोजिट संरचनाओं के तापीय और संरचनात्मक प्रदर्शन का अध्ययन किया गया है। इंजीनियरिंग और आधुनिक संरचनात्मक प्रणालियों के क्षेत्र में इस विषय को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शोध में ऐसी संरचनाओं के व्यवहार और प्रदर्शन को समझने पर जोर दिया गया है, जिनकी उन्नत इंजीनियरिंग अनुप्रयोगों में संभावनाएं हैं।
आंतरिक और बाहरी परीक्षकों ने किया मूल्यांकन
शोध प्रबंध को आंतरिक और बाहरी परीक्षकों की स्वीकृति मिलने के बाद मौखिक परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष एवं स्टूडेंट रिसर्च कमेटी (SRC) के चेयरपर्सन डॉ. परमानंद कुमार ने की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) खड़गपुर के एयरोस्पेस इंजीनियरिंग विभाग के HAL चेयर प्रोफेसर प्रो. दीपक कुमार मैती ने बाहरी परीक्षक के रूप में शोध का मूल्यांकन किया।
इस शोध कार्य को थीसिस पर्यवेक्षक डॉ. विशेष रंजन कर और सह-पर्यवेक्षक प्रो. मणि कांत पासवान के मार्गदर्शन में पूरा किया गया। वहीं, प्रो. मृत्युंजय कुमार सिन्हा और डॉ. ओम हरि गुप्ता शोध समिति के सदस्य के रूप में शामिल रहे।
अर्का जैन यूनिवर्सिटी में हैं असिस्टेंट प्रोफेसर
पीएचडी की उपाधि हासिल करने वाले निवेदन महतो वर्तमान में जमशेदपुर स्थित अर्का जैन यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड आईटी में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। शिक्षण के साथ शोध के क्षेत्र में उनकी यह उपलब्धि महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
NIT निदेशक ने दी बधाई
इस उपलब्धि पर NIT जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने निवेदन महतो को बधाई दी। उन्होंने उनके समर्पण, कठिन परिश्रम और शोध के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की। संस्थान की ओर से इसे शैक्षणिक और शोध गतिविधियों के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।












