
- परिसीमन लागू होने पर राज्य की राजनीतिक तस्वीर में होगा बड़ा बदलाव, लोकसभा की सात और विधानसभा की 41 सीटें बढ़ने का अनुमान
- एसटी आरक्षित सीटों की संख्या भी बढ़ने की संभावना, 2007 में विरोध के बाद झारखंड में लागू नहीं हो सका था परिसीमन
रांची : देश में परिसीमन की कवायद तेज होने के साथ ही झारखंड की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। नए परिसीमन के तहत राज्य में लोकसभा की वर्तमान 14 सीटें बढ़कर 21 हो सकती हैं। वहीं विधानसभा की 81 सीटों की संख्या बढ़कर 122 होने का अनुमान है। हालांकि, ये आंकड़े संभावित गणना पर आधारित हैं। वास्तविक सीटों की संख्या और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होंगी।
प्रस्तावित बदलाव से झारखंड का राजनीतिक और चुनावी भूगोल बदल सकता है। नए निर्वाचन क्षेत्रों के गठन के साथ कई मौजूदा लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाएं भी बदलने की संभावना है। इसका असर राजनीतिक दलों की चुनावी रणनीति, प्रतिनिधित्व और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों पर पड़ेगा।
आदिवासी प्रतिनिधित्व पर रहेगी विशेष नजर
परिसीमन की प्रक्रिया में अनुसूचित जनजाति (एसटी) के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को सुरक्षित रखना झारखंड के लिए सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा होगा। वर्तमान में राज्य की 81 विधानसभा सीटों में 28 एसटी के लिए आरक्षित हैं। संभावित गणना के अनुसार इनकी संख्या बढ़कर करीब 42 हो सकती है। वहीं लोकसभा की पांच एसटी आरक्षित सीटें बढ़कर सात होने का अनुमान है। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीटों की संख्या में भी बदलाव संभव है।
2007 में विरोध के बाद रोकना पड़ा था परिसीमन
झारखंड में परिसीमन का मुद्दा नया नहीं है। वर्ष 2007 में परिसीमन के दौरान विधानसभा की एसटी आरक्षित सीटों की संख्या 28 से घटाकर 22 और लोकसभा की आरक्षित सीटों की संख्या पांच से घटाकर चार करने का प्रस्ताव सामने आया था। इसका राज्य में व्यापक विरोध हुआ था। इसके बाद केंद्र सरकार को कानून में संशोधन कर झारखंड में परिसीमन लागू करने पर रोक लगानी पड़ी थी। करीब दो दशक बाद एक बार फिर यह मुद्दा चर्चा में है।
कोल्हान में दो की जगह हो सकती हैं तीन लोकसभा सीटें
परिसीमन का असर कोल्हान के चुनावी नक्शे पर भी पड़ सकता है। वर्तमान में पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में जमशेदपुर और सिंहभूम दो लोकसभा सीटें हैं। संभावित प्रस्ताव के अनुसार इनकी संख्या बढ़कर तीन हो सकती है। सरायकेला-खरसावां जिले के कुछ हिस्सों और रांची लोकसभा क्षेत्र में आने वाले चांडिल-चौका के इलाकों को मिलाकर नई लोकसभा सीट बनाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी अंतिम आधिकारिक सीमांकन नहीं हुआ है।
हेमंत सोरेन ने बुलाई सांसदों-विधायकों की बैठक
परिसीमन और महिला आरक्षण के मुद्दे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को झामुमो के सभी सांसदों और विधायकों की बैठक बुलाई है। इसमें दोनों विषयों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। बैठक के बाद पार्टी अपना आधिकारिक रुख स्पष्ट कर सकती है। झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने इसकी जानकारी दी। वहीं मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को नेमरा में कहा कि परिसीमन बिल पर उनकी नजर है और झारखंड के हितों के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
नोट : संभावित सीटों की संख्या वर्तमान सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि और आरक्षण अनुपात के आधार पर निकाली गई गणना है। ये आधिकारिक आंकड़े या अंतिम परिसीमन प्रस्ताव नहीं हैं।












