
- टाटा स्टील फाउंडेशन ने सरायकेला के दुग्धा मिडिल स्कूल में शुरू की कौशलयान पहल, STEM शिक्षा और डिजिटल साक्षरता को मिलेगा बढ़ावा
- बुरुडीह के बाद कालिकापुर और दुग्धा पंचायत तक पहुंची पहल, आधुनिक तकनीक से कठिन विषयों को सरल बनाने की कोशिश
जमशेदपुर : अब ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी विज्ञान और तकनीक की पढ़ाई सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं रखेंगे, बल्कि वर्चुअल रियलिटी (VR) और ऑगमेंटेड रियलिटी (AR) के माध्यम से उसे देखकर और अनुभव करके समझ सकेंगे। टाटा स्टील फाउंडेशन ने सरायकेला-खरसावां जिले के दुग्धा पंचायत स्थित मिडिल स्कूल में कौशलयान AR/VR मोबाइल लर्निंग पहल की शुरुआत की है। इसके तहत विशेष रूप से तैयार मोबाइल वैन के माध्यम से ग्रामीण विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
इस पहल का उद्देश्य विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) जैसे विषयों को बच्चों के लिए अधिक रोचक और सरल बनाना है। साथ ही विद्यार्थियों में डिजिटल साक्षरता विकसित करने पर भी जोर दिया जाएगा। AR/VR तकनीक के इस्तेमाल से बच्चे जटिल विषयों को केवल पढ़ने के बजाय उनके वर्चुअल अनुभव के माध्यम से समझ सकेंगे।
45 विद्यार्थियों और अभिभावकों की मौजूदगी में शुरुआत
शुक्रवार को आयोजित उद्घाटन समारोह में दुग्धा पंचायत की मुखिया मोहन बास्के, वार्ड सदस्य लक्ष्मी मुर्मू, अपर्णा प्रमाणिक और कल्पना चटर्जी उपस्थित रहीं। टाटा स्टील फाउंडेशन की ओर से CSR हेड (गम्हरिया) सत्य नारायण नंदा सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए। स्कूल के प्रधानाध्यापक सागर चंद्र महतो, शिक्षक-शिक्षिकाओं, करीब 45 विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
बेटियों की शिक्षा को बताया समाज की ताकत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्कूल के प्रधानाध्यापक सागर चंद्र महतो ने कहा कि शिक्षा युवाओं और समुदायों को सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विशेष रूप से बेटियों की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा, ‘जोड़ी पोड़बे सादेर बेटी, सोना बोनबे झारखंडी माटी।’ उनका संदेश था कि बेटियों को शिक्षित करने से झारखंड का भविष्य और मजबूत होगा।
तीन पंचायतों तक पहुंच रही कौशलयान पहल
दुग्धा में शुरुआत के साथ ही कौशलयान पहल का दायरा क्षेत्र में बढ़ रहा है। इससे पहले बुरुडीह पंचायत में इसका सफल संचालन पूरा हो चुका है, जबकि कालिकापुर पंचायत में भी यह कार्यक्रम चल रहा है। इस पहल के माध्यम से ग्रामीण विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण तकनीकों से जोड़ने और शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल अंतर कम करने का प्रयास किया जा रहा है।












