
- धान खरीद में बिचौलियों पर रोक लगाने की मांग, मणिपाल मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम सुविधा जल्द शुरू कराने का भी किया आग्रह
जमशेदपुर : चक्रवाती तूफान अकवन से सीमावर्ती इलाकों में किसानों को हुए फसल नुकसान का मुआवजा दिलाने और धान खरीद में बिचौलियों की भूमिका खत्म करने का मुद्दा झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने राज्य सरकार के समक्ष उठाया है। उन्होंने स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से मुलाकात कर ओडिशा और पश्चिम बंगाल से सटे झारखंड के इलाकों में प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
इस दौरान झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर भी मौजूद थे। उन्होंने विभागीय सचिव को निर्देश दिया कि फसल क्षति का मुआवजा देने में किसी तरह की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि इस प्रक्रिया में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मणिपाल मेडिकल कॉलेज में शुरू हो पोस्टमार्टम
कुणाल षाड़ंगी ने जमशेदपुर स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध पोस्टमार्टम सुविधा को जल्द शुरू कराने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सुविधा शुरू होने से स्थानीय लोगों को पोस्टमार्टम के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा और उन्हें इसका लाभ मिल सकेगा।
धान खरीद में बिचौलियों पर लगे रोक
वहीं, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की से मुलाकात कर कुणाल षाड़ंगी ने धान खरीद प्रक्रिया पर विशेष निगरानी रखने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। धान खरीद में बिचौलियों की भूमिका पर प्रभावी रोक लगाई जाए, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके और उन्हें किसी तरह का आर्थिक नुकसान नहीं उठाना पड़े।












