
पलामू: झारखंड के पलामू जिले के नवाबाजार थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। कंडा गांव में घरेलू विवाद के बाद एक महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों को कुएं में फेंक दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। इसके बाद उसने तीसरी बेटी को भी कुएं में धकेलने की कोशिश की, लेकिन बच्ची किसी तरह वहां से भाग निकली। वारदात के बाद महिला ने खुद भी कुएं में छलांग लगा दी, जिसे ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस के अनुसार, बुधवार रात सरिता देवी का अपने पति छोटेलाल प्रजापति से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान गुस्से में आकर उसने अपनी सास की गोद में खेल रही एक बेटी को छीनकर कुएं में फेंक दिया। इसके तुरंत बाद दूसरी बेटी को भी उसी कुएं में धकेल दिया। तीसरी बेटी को भी वह कुएं में डालने जा रही थी, लेकिन बच्ची मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही।
घटना के बाद महिला ने भी कुएं में छलांग लगा दी। तीसरी बेटी और परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने महिला को कुएं से बाहर निकाल लिया, लेकिन दोनों बच्चियों को बचाया नहीं जा सका। बाद में उनके शव कुएं से बरामद किए गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि परिवार में लगातार तीन बेटियां होने को लेकर महिला को ताने दिए जाते थे और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। नवाबाजार पुलिस के अनुसारमहिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मृत बच्चियों प्रिया कुमारी और डॉली कुमारी के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
