
जमशेदपुर: शहर के बहुचर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में शुक्रवार को एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया। मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल राहुल दुबे ने दोपहर में बिष्टुपुर थाना पहुंचकर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। थाना परिसर में पहुंचने के दौरान उसने हाथ ऊपर उठाकर सरेंडर किया, जिसका वीडियो भी सामने आया है। राहुल दुबे लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। उसकी तलाश में पुलिस की विशेष टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। इसी बीच आरोपी ने स्वयं थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। सरेंडर के बाद पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार राहुल दुबे से हत्या की पूरी साजिश, वारदात में उसकी भूमिका, घटना के दौरान मौजूद अन्य आरोपियों और फरारी के दौरान उसकी गतिविधियों को लेकर पूछताछ की जा रही है। उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ में मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। हालांकि, राहुल दुबे के आत्मसमर्पण को लेकर पुलिस अधिकारियों की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि पूछताछ पूरी होने के बाद पुलिस इस मामले में विस्तृत जानकारी साझा कर सकती है। जानकारी हो कि 27 जून को बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर करणी सेना नेता हिमांशु सिंह की पुलिस के सामने हत्या कर दी गई थी। इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में पुलिस अब तक बार संचालक नीरज सिंह समेत 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। राहुल दुबे के सरेंडर के बाद जांच को और गति मिलने की संभावना जताई जा रही है। वही, घटना का मुख्य आरोपी विश्वजीत मंडल ने भी कोर्ट में सरेंडर किया था।
